---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 4"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-4"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 4

हनुमान्-विभीषण-संवाद

**चौ०** 
> मसक समान रूप कपि धरी। लंकहि चलेउ सुमिरि नरहरी॥  
> नाम लंकिनी एक निसिचरी। सो कह चलेसि मोहि निंदरी॥१॥

भावार्थ: हनुमान्‌जी मच्छड़के समान ( छोटा-सा ) रूप धारण कर नररूपसे लीला करनेवाले भगवान् श्रीरामचन्द्रजीका स्मरण करके लङ्काको चले। [ लङ्काके द्वारपर ] लङ्किनी नामकी एक राक्षसी रहती थी। वह बोली—मेरा निरादर करके ( बिना मुझसे पूछे ) कहाँ चला जा रहा है?॥१॥

**चौ०** 
> जानेहि नहीं मरमु सठ मोरा। मोर अहार जहाँ लगि चोरा॥  
> मुठिका एक महा कपि हनी। रुधिर बमत धरनीं ढनमनी॥२॥

भावार्थ: हे मूर्ख! तूने मेरा भेद नहीं जाना? जहाँतक ( जितने ) चोर हैं, वे सब मेरे आहार हैं। महाकपि हनुमान्‌जीने उसे एक घूँसा मारा, जिससे वह खूनकी उलटी करती हुई पृथ्वीपर लुढ़क पड़ी॥२॥

**चौ०** 
> पुनि संभारि उठी सो लंका। जोरि पानि कर बिनय ससंका॥  
> जब रावनहि ब्रह्म बर दीन्हा। चलत बिरंचि कहा मोहि चीन्हा॥३॥

भावार्थ: वह लङ्किनी फिर अपनेको सँभालकर उठी और डरके मारे हाथ जोड़कर विनती करने लगी। [ वह बोली— ] रावणको जब ब्रह्माजीने वर दिया था, तब चलते समय उन्होंने मुझे राक्षसोंके विनाशकी यह पहचान बता दी थी कि—॥३॥

**चौ०** 
> बिकल होसि तैं कपि कें मारे। तब जानेसु निसिचर संघारे॥  
> तात मोर अति पुन्य बहूता। देखेउँ नयन राम कर दूता॥४॥

भावार्थ: जब तू बंदरके मारनेसे व्याकुल हो जाय, तब तू राक्षसोंका संहार हुआ जान लेना। हे तात! मेरे बड़े पुण्य हैं, जो मैं श्रीरामचन्द्रजीके दूत ( आप ) को नेत्रोंसे देख पायी॥४॥

**दो०** 
> तात स्वर्ग अपबर्ग सुख धरिअ तुला एक अंग।  
> तूल न ताहि सकल मिलि जो सुख लव सतसंग॥४॥

भावार्थ: हे तात! स्वर्ग और मोक्षके सब सुखोंको तराजूके एक पलड़ेमें रखा जाय, तो भी वे सब मिलकर [ दूसरे पलड़ेपर रखे हुए ] उस सुखके बराबर नहीं हो सकते, जो लव ( क्षण )-मात्रके सत्सङ्गसे होता है॥४॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-3  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-5

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
