---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 31"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-31"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 31

**चौ०** 
> चलत मोहि चूड़ामनि दीन्ही। रघुपति हृदयँ लाइ सोइ लीन्ही॥  
> नाथ जुगल लोचन भरि बारी। बचन कहे कछु जनककुमारी॥१॥

भावार्थ: चलते समय उन्होंने मुझे चूड़ामणि [ उतारकर ] दी। श्रीरघुनाथजीने उसे लेकर हृदयसे लगा लिया। [ हनुमान्‌जीने फिर कहा— ] हे नाथ! दोनों नेत्रोंमें जल भरकर जानकीजीने मुझसे कुछ वचन कहे—॥ १ ॥

**चौ०** 
> अनुज समेत गहेहु प्रभु चरना। दीन बंधु प्रनतारति हरना॥  
> मन क्रम बचन चरन अनुरागी। केहिं अपराध नाथ हौं त्यागी॥२॥

भावार्थ: छोटे भाईसमेत प्रभुके चरण पकड़ना [ और कहना कि ] आप दीनबन्धु हैं, शरणागतके दुःखोंको हरनेवाले हैं और मैं मन, वचन और कर्मसे आपके चरणोंकी अनुरागिणी हूँ। फिर स्वामी ( आप ) ने मुझे किस अपराधसे त्याग दिया?॥ २ ॥

**चौ०** 
> अवगुन एक मोर मैं माना। बिछुरत प्रान न कीन्ह पयाना॥  
> नाथ सो नयनन्हि को अपराधा। निसरत प्रान करहिं हठि बाधा॥३॥

भावार्थ: [ हाँ ] एक दोष मैं अपना [ अवश्य ] मानती हूँ कि आपका वियोग होते ही मेरे प्राण नहीं चले गये। किन्तु हे नाथ! यह तो नेत्रोंका अपराध है जो प्राणोंके निकलनेमें हठपूर्वक बाधा देते हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> बिरह अगिनि तनु तूल समीरा। स्वास जरइ छन माहिं सरीरा॥  
> नयन स्रवहिं जलु निज हित लागी। जरैं न पाव देह बिरहागी॥४॥

भावार्थ: विरह अग्नि है, शरीर रूई है और श्वास पवन है; इस प्रकार [ अग्नि और पवनका संयोग होनेसे ] यह शरीर क्षणमात्रमें जल सकता है। परन्तु नेत्र अपने हितके लिये ( प्रभुका स्वरूप देखकर सुखी होनेके लिये ) जल ( आँसू ) बरसाते हैं, जिससे विरहकी आगसे भी देह जलने नहीं पाती॥ ४ ॥

**चौ०** 
> सीता कै अति बिपति बिसाला। बिनहिं कहें भलि दीनदयाला॥५॥

भावार्थ: सीताजीकी विपत्ति बहुत बड़ी है। हे दीनदयालु! वह बिना कही ही अच्छी है ( कहनेसे आपको बड़ा क्लेश होगा )॥ ५ ॥

**दो०** 
> निमिष निमिष करुनानिधि जाहिं कलप सम बीति।  
> बेगि चलिअ प्रभु आनिअ भुज बल खल दल जीति॥३१॥

भावार्थ: हे करुणानिधान! उनका एक-एक पल कल्पके समान बीतता है। अतः हे प्रभु! तुरंत चलिये और अपनी भुजाओंके बलसे दुष्टोंके दलको जीतकर सीताजीको ले आइये॥ ३१ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-30  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-32

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
