---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 28"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-28"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 28

**चौ०** 
> चलत महाधुनि गर्जेसि भारी। गर्भ स्रवहिं सुनि निसिचर नारी॥  
> नाघि सिंधु एहि पारहि आवा। सबद किलिकिला कपिन्ह सुनावा॥१॥

भावार्थ: चलते समय उन्होंने महाध्वनिसे भारी गर्जन किया, जिसे सुनकर राक्षसोंकी स्त्रियोंके गर्भ गिरने लगे। समुद्र लाँघकर वे इस पार आये और उन्होंने वानरोंको किलकिला शब्द ( हर्षध्वनि ) सुनाया॥ १ ॥

**चौ०** 
> हरषे सब बिलोकि हनुमाना। नूतन जन्म कपिन्ह तब जाना॥  
> मुख प्रसन्न तन तेज बिराजा। कीन्हेसि रामचंद्र कर काजा॥२॥

भावार्थ: हनुमान्‌जीको देखकर सब हर्षित हो गये और तब वानरोंने अपना नया जन्म समझा। हनुमान्‌जीका मुख प्रसन्न है और शरीरमें तेज विराजमान है, [ जिससे उन्होंने समझ लिया कि ] ये श्रीरामचन्द्रजीका कार्य कर आये हैं॥ २ ॥

**चौ०** 
> मिले सकल अति भए सुखारी। तलफत मीन पाव जिमि बारी॥  
> चले हरषि रघुनायक पासा। पूँछत कहत नवल इतिहासा॥३॥

भावार्थ: सब हनुमान्‌जीसे मिले और बहुत ही सुखी हुए, जैसे तड़पती हुई मछलीको जल मिल गया हो। सब हर्षित होकर नये-नये इतिहास ( वृत्तान्त ) पूछते-कहते हुए श्रीरघुनाथजीके पास चले॥ ३ ॥

**चौ०** 
> तब मधुबन भीतर सब आए। अंगद संमत मधु फल खाए॥  
> रखवारे जब बरजन लागे। मुष्टि प्रहार हनत सब भागे॥४॥

भावार्थ: तब सब लोग मधुवनके भीतर आये और अंगदकी सम्मतिसे सबने मधुर फल [ या मधु और फल ] खाये। जब रखवाले बरजने लगे, तब घूँसोंकी मार मारते ही सब रखवाले भाग छूटे॥ ४ ॥

**दो०** 
> जाइ पुकारे ते सब बन उजार जुबराज।  
> सुनि सुग्रीव हरष कपि करि आए प्रभु काज॥२८॥

भावार्थ: उन सबने जाकर पुकारा कि युवराज अंगद वन उजाड़ रहे हैं। यह सुनकर सुग्रीव हर्षित हुए कि वानर प्रभुका कार्य कर आये हैं॥ २८ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-27  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-29

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
