---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 27"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-27"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 27

**चौ०** 
> मातु मोहि दीजे कछु चीन्हा। जैसें रघुनायक मोहि दीन्हा॥  
> चूड़ामनि उतारि तब दयऊ। हरष समेत पवनसुत लयऊ॥१॥

भावार्थ: [ हनुमान्‌जीने कहा— ] हे माता! मुझे कोई चिह्न ( पहचान ) दीजिये, जैसे श्रीरघुनाथजीने मुझे दिया था। तब सीताजीने चूड़ामणि उतारकर दी। हनुमान्‌जीने उसको हर्षपूर्वक ले लिया॥ १ ॥

**चौ०** 
> कहेहु तात अस मोर प्रनामा। सब प्रकार प्रभु पूरनकामा॥  
> दीन दयाल बिरिदु संभारी। हरहु नाथ मम संकट भारी॥२॥

भावार्थ: [ जानकीजीने कहा— ] हे तात! मेरा प्रणाम निवेदन करना और इस प्रकार कहना—हे प्रभु! यद्यपि आप सब प्रकारसे पूर्णकाम हैं ( आपको किसी प्रकारकी कामना नहीं है ), तथापि दीनों ( दुःखियों ) पर दया करना आपका विरद है [ और मैं दीन हूँ ] अतः उस विरदको याद करके, हे नाथ! मेरे भारी संकटको दूर कीजिये॥ २ ॥

**चौ०** 
> तात सक्रसुत कथा सुनाएहु। बान प्रताप प्रभुहि समुझाएहु॥  
> मास दिवस महुँ नाथु न आवा। तौ पुनि मोहि जिअत नहिं पावा॥३॥

भावार्थ: हे तात! इन्द्रपुत्र जयन्तकी कथा ( घटना ) सुनाना और प्रभुको उनके बाणका प्रताप समझाना [ स्मरण कराना ]। यदि महीनेभरमें नाथ न आये तो फिर मुझे जीती न पायेंगे॥ ३ ॥

**चौ०** 
> कहु कपि केहि बिधि राखौं प्राना। तुम्हहू तात कहत अब जाना॥  
> तोहि देखि सीतलि भइ छाती। पुनि मो कहुँ सोइ दिनु सो राती॥४॥

भावार्थ: हे हनुमान्! कहो, मैं किस प्रकार प्राण रखूँ! हे तात! तुम भी अब जानेको कह रहे हो। तुमको देखकर छाती ठंडी हुई थी। फिर मुझे वही दिन और वही रात!॥ ४ ॥

**दो०** 
> जनकसुतहि समुझाइ करि बहु बिधि धीरजु दीन्ह।  
> चरन कमल सिरु नाइ कपि गवनु राम पहिं कीन्ह॥२७॥

भावार्थ: हनुमान्‌जीने जानकीजीको समझाकर बहुत प्रकारसे धीरज दिया और उनके चरणकमलोंमें सिर नवाकर श्रीरामजीके पास गमन किया॥ २७ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-26  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-28

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
