---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 23"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-23"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 23

**चौ०** 
> राम चरन पंकज उर धरहू। लंका अचल राजु तुम्ह करहू॥  
> रिषि पुलस्ति जसु बिमल मयंका। तेहि ससि महुँ जनि होहु कलंका॥१॥

भावार्थ: तुम श्रीरामजीके चरणकमलोंको हृदयमें धारण करो और लङ्काका अचल राज्य करो। ऋषि पुलस्त्यजीका यश निर्मल चन्द्रमाके समान है। उस चन्द्रमामें तुम कलंक न बनो॥ १॥

**चौ०** 
> राम नाम बिनु गिरा न सोहा। देखु बिचारि त्यागि मद मोहा॥  
> बसन हीन नहिं सोह सुरारी। सब भूषन भूषित बर नारी॥२॥

भावार्थ: रामनामके बिना वाणी शोभा नहीं पाती, मद-मोहको छोड़, विचारकर देखो। हे देवताओंके शत्रु! सब गहनोंसे सजी हुई सुन्दरी स्त्री भी कपड़ोंके बिना ( नंगी ) शोभा नहीं पाती॥ २॥

**चौ०** 
> राम बिमुख संपति प्रभुताई। जाइ रही पाई बिनु पाई॥  
> सजल मूल जिन्ह सरितन्ह नाहीं। बरषि गएँ पुनि तबहिं सुखाहीं॥३॥

भावार्थ: रामविमुख पुरुषकी सम्पत्ति और प्रभुता रही हुई भी चली जाती है और उसका पाना न पानेके समान है। जिन नदियोंके मूलमें कोई जलस्रोत नहीं है ( अर्थात् जिन्हें केवल बरसातका ही आसरा है ) वे वर्षा बीत जानेपर फिर तुरंत ही सूख जाती हैं॥ ३॥

**चौ०** 
> सुनु दसकंठ कहउँ पन रोपी। बिमुख राम त्राता नहिं कोपी॥  
> संकर सहस बिष्नु अज तोही। सकहिं न राखि राम कर द्रोही॥४॥

भावार्थ: हे रावण! सुनो, मैं प्रतिज्ञा करके कहता हूँ कि रामविमुखकी रक्षा करनेवाला कोई भी नहीं है। हजारों शंकर, विष्णु और ब्रह्मा भी श्रीरामजीके साथ द्रोह करनेवाले तुमको नहीं बचा सकते॥ ४॥

**दो०** 
> मोहमूल बहु सूल प्रद त्यागहु तम अभिमान।  
> भजहु राम रघुनायक कृपा सिंधु भगवान॥२३॥

भावार्थ: मोह ही जिसका मूल है ऐसे ( अज्ञानजनित ), बहुत पीड़ा देनेवाले, तमरूप अभिमानका त्याग कर दो और रघुकुलके स्वामी, कृपाके समुद्र भगवान्‌ श्रीरामचन्द्रजीका भजन करो॥ २३ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-22  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-24

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
