---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 19"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-19"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 19

**चौ०** 
> सुनि सुत बध लंकेस रिसाना। पठएसि मेघनाद बलवाना॥  
> मारसि जनि सुत बाँधेसु ताही। देखिअ कपिहि कहाँ कर आही॥१॥

भावार्थ: पुत्रका वध सुनकर रावण क्रोधित हो उठा और उसने [ अपने जेठे पुत्र ] बलवान्‌ मेघनादको भेजा। ( उससे कहा कि— ) हे पुत्र! मारना नहीं; उसे बाँध लाना। उस बंदरको देखा जाय कि कहाँका है॥१॥

**चौ०** 
> चला इंद्रजित अतुलित जोधा। बंधु निधन सुनि उपजा क्रोधा॥  
> कपि देखा दारुन भट आवा। कटकटाइ गर्जा अरु धावा॥२॥

भावार्थ: इन्द्रको जीतनेवाला अतुलनीय योद्धा मेघनाद चला। भाईका मारा जाना सुन उसे क्रोध हो आया। हनुमान्‌जीने देखा कि अबकी भयानक योद्धा आया है। तब वे कटकटाकर गर्जे और दौड़े॥२॥

**चौ०** 
> अति बिसाल तरु एक उपारा। बिरथ कीन्ह लंकेस कुमारा॥  
> रहे महाभट ताके संगा। गहि गहि कपि मर्दइ निज अंगा॥३॥

भावार्थ: उन्होंने एक बहुत बड़ा वृक्ष उखाड़ लिया और [ उसके प्रहारसे ] लंकेश्वर रावणके पुत्र मेघनादको बिना रथका कर दिया ( रथको तोड़कर उसे नीचे पटक दिया )। उसके साथ जो बड़े-बड़े योद्धा थे, उनको पकड़-पकड़कर हनुमान्‌जी अपने शरीरसे मसलने लगे॥३॥

**चौ०** 
> तिन्हहि निपाति ताहि सन बाजा। भिरे जुगल मानहुँ गजराजा॥  
> मुठिका मारि चढ़ा तरु जाई। ताहि एक छन मुरुछा आई॥४॥

भावार्थ: उन सबको मारकर फिर मेघनादसे लड़ने लगे। [ लड़ते हुए वे ऐसे मालूम होते थे ] मानो दो गजराज ( श्रेष्ठ हाथी ) भिड़ गये हों। हनुमान्‌जी उसे एक घूँसा मारकर वृक्षपर जा चढ़े। उसको क्षणभरके लिये मूर्च्छा आ गयी॥४॥

**चौ०** 
> उठि बहोरि कीन्हिसि बहु माया। जीति न जाइ प्रभंजन जाया॥५॥

भावार्थ: फिर उठकर उसने बहुत माया रची; परन्तु पवनके पुत्र उससे जीते नहीं जाते॥५॥

**दो०** 
> ब्रह्म अस्त्र तेहिं साँधा कपि मन कीन्ह बिचार।  
> जौं न ब्रह्मसर मानउँ महिमा मिटइ अपार॥१९॥

भावार्थ: अन्तमें उसने ब्रह्मास्त्रका सन्धान ( प्रयोग ) किया, तब हनुमान्‌जीने मनमें विचार किया कि यदि ब्रह्मास्त्रको नहीं मानता हूँ तो उसकी अपार महिमा मिट जायगी॥१९॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-18  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-20

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
