---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 15"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-15"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 15

**चौ०** 
> कहेउ राम बियोग तव सीता। मो कहुँ सकल भए बिपरीता॥  
> नव तरु किसलय मनहुँ कृसानू। कालनिसा सम निसि ससि भानू॥१॥

भावार्थ: [ हनुमान्‌जी बोले— ] श्रीरामचन्द्रजीने कहा है कि हे सीते! तुम्हारे वियोगमें मेरे लिये सभी पदार्थ प्रतिकूल हो गये हैं। वृक्षोंके नये-नये कोमल पत्ते मानो अग्निके समान, रात्रि कालरात्रिके समान, चन्द्रमा सूर्यके समान॥१॥

**चौ०** 
> कुबलय बिपिन कुंतबन सरिसा। बारिद तपत तेल जनु बरिसा॥  
> जे हित रहे करत तेइ पीरा। उरग स्वास सम त्रिबिध समीरा॥२॥

भावार्थ: और कमलोंके वन भालोंके वनके समान हो गये हैं। मेघ मानो खौलता हुआ तेल बरसाते हैं। जो हित करनेवाले थे, वे ही अब पीड़ा देने लगे हैं। त्रिविध ( शीतल, मन्द, सुगन्ध ) वायु साँपके श्वासके समान ( जहरीली और गरम ) हो गयी है॥२॥

**चौ०** 
> कहेहू तें कछु दुख घटि होई। काहि कहौं यह जान न कोई॥  
> तत्व प्रेम कर मम अरु तोरा। जानत प्रिया एकु मनु मोरा॥३॥

भावार्थ: मनका दुःख कह डालनेसे भी कुछ घट जाता है। पर कहूँ किससे? यह दुःख कोई जानता नहीं। हे प्रिये! मेरे और तेरे प्रेमका तत्त्व ( रहस्य ) एक मेरा मन ही जानता है॥३॥

**चौ०** 
> सो मनु सदा रहत तोहि पाहीं। जानु प्रीति रसु एतनेहि माहीं॥  
> प्रभु संदेसु सुनत बैदेही। मगन प्रेम तन सुधि नहिं तेही॥४॥

भावार्थ: और वह मन सदा तेरे ही पास रहता है। बस, मेरे प्रेमका सार इतनेमें ही समझ ले। प्रभुका सन्देश सुनते ही जानकीजी प्रेममें मग्न हो गयीं। उन्हें शरीरकी सुध न रही॥४॥

**चौ०** 
> कह कपि हृदयँ धीर धरु माता। सुमिरु राम सेवक सुखदाता॥  
> उर आनहु रघुपति प्रभुताई। सुनि मम बचन तजहु कदराई॥५॥

भावार्थ: हनुमान्‌जीने कहा—हे माता! हृदयमें धैर्य धारण करो और सेवकोंको सुख देनेवाले श्रीरामजीका स्मरण करो। श्रीरघुनाथजीकी प्रभुताको हृदयमें लाओ और मेरे वचन सुनकर कायरता छोड़ दो॥५॥

**दो०** 
> निसिचर निकर पतंग सम रघुपति बान कृसानु।  
> जननी हृदयँ धीर धरु जरे निसाचर जानु॥१५॥

भावार्थ: राक्षसोंके समूह पतंगोंके समान और श्रीरघुनाथजीके बाण अग्निके समान हैं। हे माता! हृदयमें धैर्य धारण करो और राक्षसोंको जला ही समझो॥ १५॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-14  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-16

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
