---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 13"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-13"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 13

**चौ०** 
> तब देखी मुद्रिका मनोहर। राम नाम अंकित अति सुंदर॥  
> चकित चितव मुदरी पहिचानी। हरष बिषाद हृदयँ अकुलानी॥१॥

भावार्थ: तब उन्होंने राम-नामसे अङ्कित अत्यन्त सुन्दर एवं मनोहर अँगूठी देखी। अँगूठीको पहचानकर सीताजी आश्चर्यचकित होकर उसे देखने लगीं और हर्ष तथा विषादसे हृदयमें अकुला उठीं॥१॥

**चौ०** 
> जीति को सकइ अजय रघुराई। माया तें असि रचि नहिं जाई॥  
> सीता मन बिचार कर नाना। मधुर बचन बोलेउ हनुमाना॥२॥

भावार्थ: [ वे सोचने लगीं— ] श्रीरघुनाथजी तो सर्वथा अजेय हैं, उन्हें कौन जीत सकता है? और मायासे ऐसी ( मायाके उपादानसे सर्वथा रहित दिव्य, चिन्मय ) अँगूठी बनायी नहीं जा सकती। सीताजी मनमें अनेक प्रकारके विचार कर रही थीं। इसी समय हनुमान्‌जी मधुर वचन बोले—॥२॥

**चौ०** 
> रामचंद्र गुन बरनैं लागा। सुनतहिं सीता कर दुख भागा॥  
> लागीं सुनैं श्रवन मन लाई। आदिहु तें सब कथा सुनाई॥३॥

भावार्थ: वे श्रीरामचन्द्रजीके गुणोंका वर्णन करने लगे, [ जिनके ] सुनते ही सीताजीका दुःख भाग गया। वे कान और मन लगाकर उन्हें सुनने लगीं। हनुमान्‌जीने आदिसे लेकर सारी कथा कह सुनायी॥३॥

**चौ०** 
> श्रवनामृत जेहिं कथा सुहाई। कही सो प्रगट होति किन भाई॥  
> तब हनुमंत निकट चलि गयऊ। फिरि बैठीं मन बिसमय भयऊ॥४॥

भावार्थ: [ सीताजी बोलीं— ] जिसने कानोंके लिये अमृतरूप यह सुन्दर कथा कही, वह हे भाई! प्रकट क्यों नहीं होता? तब हनुमान्‌जी पास चले गये। उन्हें देखकर सीताजी फिरकर ( मुख फेरकर ) बैठ गयीं; उनके मनमें आश्चर्य हुआ॥४॥

**चौ०** 
> राम दूत मैं मातु जानकी। सत्य सपथ करुनानिधान की॥  
> यह मुद्रिका मातु मैं आनी। दीन्हि राम तुम्ह कहँ सहिदानी॥५॥

भावार्थ: [ हनुमान्‌जीने कहा— ] हे माता जानकी! मैं श्रीरामजीका दूत हूँ। करुणानिधानकी सच्ची शपथ करता हूँ। हे माता! यह अँगूठी मैं ही लाया हूँ। श्रीरामजीने मुझे आपके लिये यह सहिदानी ( निशानी या पहिचान ) दी है॥५॥

**चौ०** 
> नर बानरहि संग कहु कैसें। कही कथा भइ संगति जैसें॥६॥

भावार्थ: [ सीताजीने पूछा— ] नर और वानरका सङ्ग कहो कैसे हुआ? तब हनुमान्‌जीने जैसे सङ्ग हुआ था, वह सब कथा कही॥६॥

**दो०** 
> कपि के बचन सप्रेम सुनि उपजा मन बिस्वास।  
> जाना मन क्रम बचन यह कृपासिंधु कर दास॥१३॥

भावार्थ: हनुमान्‌जीके प्रेमयुक्त वचन सुनकर सीताजीके मनमें विश्वास उत्पन्न हो गया। उन्होंने जान लिया कि यह मन, वचन और कर्मसे कृपासागर श्रीरघुनाथजीका दास है॥१३॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-12  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-14

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
