---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 10"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-10"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 10

श्रीसीता-त्रिजटा-संवाद

**चौ०** 
> सीता तैं मम कृत अपमाना। कटिहउँ तव सिर कठिन कृपाना॥  
> नाहिं त सपदि मानु मम बानी। सुमुखि होति न त जीवन हानी॥१॥

भावार्थ: सीता! तूने मेरा अपमान किया है। मैं तेरा सिर इस कठोर कृपाणसे काट डालूँगा। नहीं तो [ अब भी ] जल्दी मेरी बात मान ले। हे सुमुखि! नहीं तो जीवनसे हाथ धोना पड़ेगा!॥१॥

**चौ०** 
> स्याम सरोज दाम सम सुंदर। प्रभु भुज करि कर सम दसकंधर॥  
> सो भुज कंठ कि तव असि घोरा। सुनु सठ अस प्रवान पन मोरा॥२॥

भावार्थ: [ सीताजीने कहा— ] हे दशग्रीव! प्रभुकी भुजा जो श्याम कमलकी मालाके समान सुन्दर और हाथीकी सूँड़के समान [ पुष्ट तथा विशाल ] है, या तो वह भुजा ही मेरे कण्ठमें पड़ेगी या तेरी भयानक तलवार ही। रे शठ! सुन, यही मेरा सच्चा प्रण है॥२॥

**चौ०** 
> चंद्रहास हरु मम परितापं। रघुपति बिरह अनल संजातं॥  
> सीतल निसित बहसि बर धारा। कह सीता हरु मम दुख भारा॥३॥

भावार्थ: सीताजी कहती हैं—हे चन्द्रहास ( तलवार )! श्रीरघुनाथजीके विरहकी अग्निसे उत्पन्न मेरी बड़ी भारी जलनको तू हर ले। हे तलवार! तू शीतल, तीव्र और श्रेष्ठ धारा बहाती है ( अर्थात्‌ तेरी धारा ठंडी और तेज है ), तू मेरे दुःखके बोझको हर ले॥३॥

**चौ०** 
> सुनत बचन पुनि मारन धावा। मयतनयाँ कहि नीति बुझावा॥  
> कहेसि सकल निसिचरिन्ह बोलाई। सीतहि बहु बिधि त्रासहु जाई॥४॥

भावार्थ: सीताजीके ये वचन सुनते ही वह मारने दौड़ा। तब मय दानवकी पुत्री मन्दोदरीने नीति कहकर उसे समझाया। तब रावणने सब राक्षसियोंको बुलाकर कहा कि जाकर सीताको बहुत प्रकारसे भय दिखलाओ॥४॥

**चौ०** 
> मास दिवस महुँ कहा न माना। तौ मैं मारबि काढ़ि कृपाना॥५॥

भावार्थ: यदि महीनेभरमें यह कहा न माने तो मैं इसे तलवार निकालकर मार डालूँगा॥५॥

**दो०** 
> भवन गयउ दसकंधर इहाँ पिसाचिनि बृंद।  
> सीतहि त्रास देखावहिं धरहिं रूप बहु मंद॥१०॥

भावार्थ: [ यों कहकर ] रावण घर चला गया। यहाँ राक्षसियोंके समूह बहुत-से बुरे रूप धरकर सीताजीको भय दिखलाने लगे॥१०॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-9  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-11

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
