---
title: "लंकाकाण्ड दोहा 91"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-91"
lang: "hi"
---

# लंकाकाण्ड · दोहा 91

**चौ०** 
> कहि दुर्बचन क्रुद्ध दसकंधर। कुलिस समान लाग छाँड़ै सर॥  
> नानाकार सिलीमुख धाए। दिसि अरु बिदिसि गगन महि छाए॥१॥

भावार्थ: दुर्वचन कहकर रावण क्रुद्ध होकर वज्रके समान बाण छोड़ने लगा। अनेकों आकारके बाण दौड़े और दिशा, विदिशा तथा आकाश और पृथ्वीमें, सब जगह छा गये॥ १॥

**चौ०** 
> पावक सर छाँड़ेउ रघुबीरा। छन महुँ जरे निसाचर तीरा॥  
> छाड़िसि तीब्र सक्ति खिसिआई। बान संग प्रभु फेरि चलाई॥२॥

भावार्थ: श्रीरघुवीरने अग्निबाण छोड़ा, [ जिससे ] रावणके सब बाण क्षणभरमें भस्म हो गये। तब उसने खिसियाकर तीक्ष्ण शक्ति छोड़ी। [ किन्तु ] श्रीरामचन्द्रजीने उसको बाणके साथ वापस भेज दिया॥ २॥

**चौ०** 
> कोटिन्ह चक्र त्रिसूल पबारै। बिनु प्रयास प्रभु काटि निवारै॥  
> निफल होहिं रावन सर कैसें। खल के सकल मनोरथ जैसें॥३॥

भावार्थ: वह करोड़ों चक्र और त्रिशूल चलाता है, परन्तु प्रभु उन्हें बिना ही परिश्रम काटकर हटा देते हैं। रावणके बाण किस प्रकार निष्फल होते हैं जैसे दुष्ट मनुष्यके सब मनोरथ!॥ ३॥

**चौ०** 
> तब सत बान सारथी मारेसि। परेउ भूमि जय राम पुकारेसि॥  
> राम कृपा करि सूत उठावा। तब प्रभु परम क्रोध कहुँ पावा॥४॥

भावार्थ: तब उसने श्रीरामजीके सारथिको सौ बाण मारे। वह श्रीरामजीकी जय पुकारकर पृथ्वीपर गिर पड़ा। श्रीरामजीने कृपा करके सारथिको उठाया। तब प्रभु अत्यन्त क्रोधको प्राप्त हुए॥ ४॥

**छं०** 
> भए क्रुद्ध जुद्ध बिरुद्ध रघुपति त्रोन सायक कसमसे।  
> कोदंड धुनि अति चंड सुनि मनुजाद सब मारुत ग्रसे॥  
> मंदोदरी उर कंप कंपति कमठ भू भूधर त्रसे।  
> चिक्करहिं दिग्गज दसन गहि महि देखि कौतुक सुर हँसे॥

भावार्थ: युद्धमें शत्रुके विरुद्ध श्रीरघुनाथजी क्रोधित हुए, तब तरकसमें बाण कसमसाने लगे ( बाहर निकलनेको आतुर होने लगे)। उनके धनुषका अत्यन्त प्रचण्ड शब्द ( टङ्कार ) सुनकर मनुष्यभक्षी सब राक्षस वातग्रस्त हो गये ( अत्यन्त भयभीत हो गये)। मन्दोदरीका हृदय काँप उठा; समुद्र, कच्छप, पृथ्वी और पर्वत डर गये। दिशाओंके हाथी पृथ्वीको दाँतोंसे पकड़कर चिग्घाड़ने लगे। यह कौतुक देखकर देवता हँसे।

**दो०** 
> तानेउ चाप श्रवन लगि छाँड़े बिसिख कराल।  
> राम मारगन गन चले लहलहात जनु ब्याल॥९१॥

भावार्थ: धनुषको कानतक तानकर श्रीरामचन्द्रजीने भयानक बाण छोड़े। श्रीरामजीके बाणसमूह ऐसे चले मानो सर्प लहलहाते ( लहराते ) हुए जा रहे हों॥ ९१ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-90  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-92

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
