---
title: "लंकाकाण्ड दोहा 88"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-88"
lang: "hi"
---

# लंकाकाण्ड · दोहा 88

इन्द्रका श्रीरामजीके लिये रथ भेजना, राम-रावण-युद्ध

**चौ०** 
> मज्जहिं भूत पिसाच बेताला। प्रमथ महा झोटिंग कराला॥  
> काक कंक लै भुजा उड़ाहीं। एक ते छीनि एक लै खाहीं॥१॥

भावार्थ: भूत, पिशाच और बैताल, बड़े-बड़े झोंटोंवाले महान्‌ भयङ्कर झोटिंग और प्रमथ ( शिवगण ) उस नदीमें स्नान करते हैं। कौए और चील भुजाएँ लेकर उड़ते हैं और एक दूसरेसे छीनकर खा जाते हैं॥१॥

**चौ०** 
> एक कहहिं ऐसिउ सौंघाई। सठहु तुम्हार दरिद्र न जाई॥  
> कहँरत भट घायल तट गिरे। जहँ तहँ मनहुँ अर्धजल परे॥२॥

भावार्थ: एक ( कोई ) कहते हैं, अरे मूर्खो! ऐसी सस्ती ( बहुतायत ) है, फिर भी तुम्हारी दरिद्रता नहीं जाती? घायल योद्धा तटपर पड़े कराह रहे हैं, मानो जहाँ-तहाँ अर्धजल ( वे व्यक्ति जो मरनेके समय आधे जलमें रखे जाते हैं ) पड़े हों॥२॥

**चौ०** 
> खैंचहिं गीध आँत तट भए। जनु बंसी खेलत चित दए॥  
> बहु भट बहहिं चढ़े खग जाहीं। जनु नावरि खेलहिं सरि माहीं॥३॥

भावार्थ: गीध आँतें खींच रहे हैं, मानो मछलीमार नदी-तटपरसे चित्त लगाये हुए ( ध्यानस्थ होकर ) बंसी खेल रहे हों ( बंसीसे मछली पकड़ रहे हों )। बहुत-से योद्धा बहे जा रहे हैं और पक्षी उनपर चढ़े चले जा रहे हैं। मानो वे नदीमें नावरि ( नौकाक्रीड़ा ) खेल रहे हों॥३॥

**चौ०** 
> जोगिनि भरि भरि खप्पर संचहिं। भूत पिसाच बधू नभ नंचहिं॥  
> भट कपाल करताल बजावहिं। चामुंडा नाना बिधि गावहिं॥४॥

भावार्थ: योगिनियाँ खप्परोंमें भर-भरकर खून जमा कर रही हैं। भूत-पिशाचोंकी स्त्रियाँ आकाशमें नाच रही हैं। चामुण्डाएँ योद्धाओंकी खोपड़ियोंका करताल बजा रही हैं और नाना प्रकारसे गा रही हैं॥४॥

**चौ०** 
> जंबुक निकर कटक्कट कट्टहिं। खाहिं हुआहिं अघाहिं दपट्टहिं॥  
> कोटिन्ह रुंड मुंड बिनु डोल्लहिं। सीस परे महि जय जय बोल्लहिं॥५॥

भावार्थ: गीदड़ोंके समूह कट-कट शब्द करते हुए मुरदोंको काटते, खाते, हुआँ-हुआँ करते और पेट भर जानेपर एक दूसरेको डाँटते हैं। करोड़ों धड़ बिना सिरके घूम रहे हैं और सिर पृथ्वीपर पड़े जय-जय बोल रहे हैं॥५॥

**छं०** 
> बोल्लहिं जो जय जय मुंड रुंड प्रचंड सिर बिनु धावहीं।  
> खप्परिन्ह खग्ग अलुज्झि जुज्झहिं सुभट भटन्ह ढहावहीं॥  
> बानर निसाचर निकर मर्दहिं राम बल दर्पित भए।  
> संग्राम अंगन सुभट सोवहिं राम सर निकरन्हि हए॥

भावार्थ: मुण्ड ( कटे सिर ) जय-जय बोलते हैं और प्रचण्ड रुण्ड ( धड़ ) बिना सिरके दौड़ते हैं। पक्षी खोपड़ियोंमें उलझ-उलझकर परस्पर लड़े मरते हैं; उत्तम योद्धा दूसरे योद्धाओंको ढहा रहे हैं। श्रीरामचन्द्रजीके बलसे दर्पित हुए वानर राक्षसोंके झुण्डोंको मसले डालते हैं। श्रीरामजीके बाणसमूहोंसे मरे हुए योद्धा लड़ाईके मैदानमें सो रहे हैं।

**दो०** 
> रावन हृदयँ बिचारा भा निसिचर संघार।  
> मैं अकेल कपि भालु बहु माया करौं अपार॥८८॥

भावार्थ: रावणने हृदयमें विचारा कि राक्षसोंका नाश हो गया है। मैं अकेला हूँ और वानर-भालू बहुत हैं, इसलिये मैं अब अपार माया रचूँ॥८८॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-87  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-89

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
