---
title: "लंकाकाण्ड दोहा 82"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-82"
lang: "hi"
---

# लंकाकाण्ड · दोहा 82

**चौ०** 
> धायउ परम क्रुद्ध दसकंधर। सन्मुख चले हूह दै बंदर॥  
> गहि कर पादप उपल पहारा। डारेन्हि ता पर एकहिं बारा॥१॥

भावार्थ: रावण अत्यन्त क्रोधित होकर दौड़ा। वानर हुंकार करते हुए [ लड़नेके लिये ] उसके सामने चले। उन्होंने हाथोंमें वृक्ष, पत्थर और पहाड़ लेकर रावणपर एक ही साथ डाले॥१॥

**चौ०** 
> लागहिं सैल बज्र तन तासू। खंड खंड होइ फूटहिं आसू॥  
> चला न अचल रहा रथ रोपी। रन दुर्मद रावन अति कोपी॥२॥

भावार्थ: पर्वत उसके वज्रतुल्य शरीरमें लगते ही तुरंत टुकड़े-टुकड़े होकर फूट जाते हैं। अत्यन्त क्रोधी रणोन्मत्त रावण रथ रोककर अचल खड़ा रहा, [ अपने स्थानसे ] जरा भी नहीं हिला॥२॥

**चौ०** 
> इत उत झपटि दपटि कपि जोधा। मर्दै लाग भयउ अति क्रोधा॥  
> चले पराइ भालु कपि नाना। त्राहि त्राहि अंगद हनुमाना॥३॥

भावार्थ: उसे बहुत ही क्रोध हुआ। वह इधर-उधर झपटकर और डपटकर वानर योद्धाओंको मसलने लगा। अनेकों वानर-भालू ‘हे अंगद! हे हनुमान्! रक्षा करो, रक्षा करो’ [ पुकारते हुए ] भाग चले॥३॥

**चौ०** 
> पाहि पाहि रघुबीर गोसाईं। यह खल खाइ काल की नाईं॥  
> तेहिं देखे कपि सकल पराने। दसहुँ चाप सायक संधाने॥४॥

भावार्थ: हे रघुवीर! हे गोसाईं! रक्षा कीजिये, रक्षा कीजिये। यह दुष्ट कालकी भाँति हमें खा रहा है। उसने देखा कि सब वानर भाग छूटे। तब [ रावणने ] दसों धनुषोंपर बाण सन्धान किये॥४॥

**छं०** 
> संधानि धनु सर निकर छाड़ेसि उरग जिमि उड़ि लागहीं।  
> रहे पूरि सर धरनी गगन दिसि बिदिसि कहँ कपि भागहीं॥  
> भयो अति कोलाहल बिकल कपि दल भालु बोलहिं आतुरे।  
> रघुबीर करुना सिंधु आरत बंधु जन रच्छक हरे॥

भावार्थ: उसने धनुषपर सन्धान करके बाणोंके समूह छोड़े। वे बाण सर्पकी तरह उड़कर जा लगते थे। पृथ्वी-आकाश और दिशा-विदिशा सर्वत्र बाण भर रहे हैं। वानर भागें तो कहाँ ? अत्यन्त कोलाहल मच गया। वानर-भालुओंकी सेना व्याकुल होकर आर्त्त पुकार करने लगी—हे रघुवीर! हे करुणासागर! हे पीड़ितोंके बन्धु! हे सेवकोंकी रक्षा करके उनके दुःख हरनेवाले हरि!

**दो०** 
> निज दल बिकल देखि कटि कसि निषंग धनु हाथ।  
> लछिमन चले क्रुद्ध होइ नाइ राम पद माथ॥८२॥

भावार्थ: अपनी सेनाको व्याकुल देखकर कमरमें तरकस कसकर और हाथमें धनुष लेकर श्रीरघुनाथजीके चरणोंपर मस्तक नवाकर लक्ष्मणजी क्रोधित होकर चले॥८२॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-81  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-83

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
