---
title: "लंकाकाण्ड दोहा 51"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-51"
lang: "hi"
---

# लंकाकाण्ड · दोहा 51

लक्ष्मण-मेघनाद-युद्ध, लक्ष्मणजीको शक्ति लगना

**चौ०** 
> देखि पवनसुत कटक बिहाला। क्रोधवंत जनु धायउ काला॥  
> महासैल एक तुरत उपारा। अति रिस मेघनाद पर डारा॥१॥

भावार्थ: सारी सेनाको बेहाल ( व्याकुल ) देखकर पवनपुत्र हनुमान् क्रोध करके ऐसे दौड़े मानो स्वयं काल दौड़ा आता हो। उन्होंने तुरंत एक बड़ा भारी पहाड़ उखाड़ लिया और बड़े ही क्रोधके साथ उसे मेघनादपर छोड़ा॥१॥

**चौ०** 
> आवत देखि गयउ नभ सोई। रथ सारथी तुरग सब खोई॥  
> बार बार पचार हनुमाना। निकट न आव मरमु सो जाना॥२॥

भावार्थ: पहाड़को आते देखकर वह आकाशमें उड़ गया। [ उसके ] रथ, सारथि और घोड़े सब नष्ट हो गये ( चूर-चूर हो गये )। हनुमान्‌जी उसे बार-बार ललकारते हैं। पर वह निकट नहीं आता, क्योंकि वह उनके बलका मर्म जानता था॥२॥

**चौ०** 
> रघुपति निकट गयउ घननादा। नाना भाँति करेसि दुर्बादा॥  
> अस्त्र सस्त्र आयुध सब डारे। कौतुकहीं प्रभु काटि निवारे॥३॥

भावार्थ: [ तब ] मेघनाद श्रीरघुनाथजीके पास गया और उसने [ उनके प्रति ] अनेकों प्रकारके दुर्वचनोंका प्रयोग किया। [ फिर ] उसने उनपर अस्त्र-शस्त्र तथा और सब हथियार चलाये। प्रभुने खेलमें ही सबको काटकर अलग कर दिया॥३॥

**चौ०** 
> देखि प्रताप मूढ़ खिसिआना। करै लाग माया बिधि नाना॥  
> जिमि कोउ करै गरुड़ सैं खेला। डरपावै गहि स्वल्प सपेला॥४॥

भावार्थ: श्रीरामजीका प्रताप ( सामर्थ्य ) देखकर वह मूर्ख लज्जित हो गया और अनेकों प्रकारकी माया करने लगा। जैसे कोई व्यक्ति छोटा-सा साँपका बच्चा हाथमें लेकर गरुड़को डरावे और उससे खेल करे॥४॥

**दो०** 
> जासु प्रबल माया बस सिव बिरंचि बड़ छोट।  
> ताहि दिखावइ निसिचर निज माया मति खोट॥५१॥

भावार्थ: शिवजी और ब्रह्माजीतक बड़े-छोटे [ सभी ] जिनकी अत्यन्त बलवान् मायाके वशमें हैं, नीचबुद्धि निशाचर उनको अपनी माया दिखलाता है॥५१॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-50  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-52

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
