---
title: "लंकाकाण्ड दोहा 5"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-5"
lang: "hi"
---

# लंकाकाण्ड · दोहा 5

**चौ०** 
> अस कौतुक बिलोकि द्वौ भाई। बिहँसि चले कृपाल रघुराई॥  
> सेन सहित उतरे रघुबीरा। कहि न जाइ कपि जूथप भीरा॥१॥

भावार्थ: कृपालु रघुनाथजी [ तथा लक्ष्मणजी ] दोनों भाई ऐसा कौतुक देखकर हँसते हुए चले। श्रीरघुवीर सेनासहित समुद्रके पार हो गये। वानरों और उनके सेनापतियोंकी भीड़ कही नहीं जा सकती॥ १ ॥

**चौ०** 
> सिंधु पार प्रभु डेरा कीन्हा। सकल कपिन्ह कहुँ आयसु दीन्हा॥  
> खाहु जाइ फल मूल सुहाए। सुनत भालु कपि जहँ तहँ धाए॥२॥

भावार्थ: प्रभुने समुद्रके पार डेरा डाला और सब वानरोंको आज्ञा दी कि तुम जाकर सुन्दर फल-मूल खाओ। यह सुनते ही रीछ-वानर जहाँ-तहाँ दौड़ पड़े॥ २ ॥

**चौ०** 
> सब तरु फरे राम हित लागी। रितु अरु कुरितु काल गति त्यागी॥  
> खाहिं मधुर फल बिटप हलावहिं। लंका सन्मुख सिखर चलावहिं॥३॥

भावार्थ: श्रीरामजीके हित ( सेवा ) के लिये सब वृक्ष ऋतु-कुऋतु—समयकी गतिको छोड़कर फल उठे। वानर-भालू मीठे-मीठे फल खा रहे हैं, वृक्षोंको हिला रहे हैं और पर्वतोंके शिखरोंको लङ्काकी ओर फेंक रहे हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> जहँ कहुँ फिरत निसाचर पावहिं। घेरि सकल बहु नाच नचावहिं॥  
> दसनन्हि काटि नासिका काना। कहि प्रभु सुजसु देहिं तब जाना॥४॥

भावार्थ: घूमते-फिरते जहाँ कहीं किसी राक्षसको पा जाते हैं तो सब उसे घेरकर खूब नाच नचाते हैं और दाँतोंसे उसके नाक-कान काटकर, प्रभुका सुयश कहकर [ अथवा कहलाकर ] तब उसे जाने देते हैं॥ ४॥

**चौ०** 
> जिन्ह कर नासा कान निपाता। तिन्ह रावनहि कही सब बाता॥  
> सुनत श्रवन बारिधि बंधाना। दस मुख बोलि उठा अकुलाना॥५॥

भावार्थ: जिन राक्षसोंके नाक और कान काट डाले गये, उन्होंने रावणसे सब समाचार कहा। समुद्र [ पर सेतु ] का बाँधा जाना कानोंसे सुनते ही रावण घबड़ाकर दसों मुखोंसे बोल उठा— ॥ ५॥

**दो०** 
> बाँध्यो बननिधि नीरनिधि जलधि सिंधु बारीस।  
> सत्य तोयनिधि कंपति उदधि पयोधि नदीस॥५॥

भावार्थ: वननिधि, नीरनिधि, जलधि, सिंधु, वारीश, तोयनिधि, कंपति, उदधि, पयोधि, नदीशको क्या सचमुच ही बाँध लिया?॥ ५ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-4  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-6

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
