---
title: "लंकाकाण्ड दोहा 28"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-28"
lang: "hi"
---

# लंकाकाण्ड · दोहा 28

**चौ०** 
> सठ साखामृग जोरि सहाई। बाँधा सिंधु इहइ प्रभुताई॥  
> नाघहिं खग अनेक बारीसा। सूर न होहिं ते सुनु सब कीसा॥१॥

भावार्थ: रे दुष्ट! वानरोंकी सहायता जोड़कर रामने समुद्र बाँध लिया; बस, यही उसकी प्रभुता है। समुद्रको तो अनेकों पक्षी भी लाँघ जाते हैं। पर इसीसे वे सभी शूरवीर नहीं हो जाते। अरे मूर्ख बंदर! सुन— ॥ १ ॥

**चौ०** 
> मम भुज सागर बल जल पूरा। जहँ बूड़े बहु सुर नर सूरा॥  
> बीस पयोधि अगाध अपारा। को अस बीर जो पाइहि पारा॥२॥

भावार्थ: मेरी एक-एक भुजारूपी समुद्र बलरूपी जलसे पूर्ण है, जिसमें बहुत-से शूरवीर देवता और मनुष्य डूब चुके हैं। [ बता, ] कौन ऐसा शूरवीर है जो मेरे इन अथाह और अपार बीस समुद्रोंका पार पा जायगा?॥ २ ॥

**चौ०** 
> दिगपालन्ह मैं नीर भरावा। भूप सुजस खल मोहि सुनावा॥  
> जौं पै समर सुभट तव नाथा। पुनि पुनि कहसि जासु गुन गाथा॥३॥

भावार्थ: अरे दुष्ट! मैंने दिक्पालोंतकसे जल भरवाया और तू एक राजाका मुझे सुयश सुनाता है! यदि तेरा मालिक, जिसकी गुणगाथा तू बार-बार कह रहा है, संग्राममें लड़नेवाला योद्धा है— ॥ ३ ॥

**चौ०** 
> तौ बसीठ पठवत केहि काजा। रिपु सन प्रीति करत नहिं लाजा॥  
> हरगिरि मथन निरखु मम बाहू। पुनि सठ कपि निज प्रभुहि सराहू॥४॥

भावार्थ: तो [ फिर ] वह दूत किसलिये भेजता है? शत्रुसे प्रीति ( सन्धि ) करते उसे लाज नहीं आती? [ पहले ] कैलासका मथन करनेवाली मेरी भुजाओंको देख। फिर अरे मूर्ख वानर! अपने मालिककी सराहना करना॥ ४ ॥

**दो०** 
> सूर कवन रावन सरिस स्वकर काटि जेहिं सीस।  
> हुने अनल अति हरष बहु बार साखि गौरीस॥२८॥

भावार्थ: रावणके समान शूरवीर कौन है? जिसने अपने ही हाथोंसे सिर काट-काटकर अत्यन्त हर्षके साथ बहुत बार उन्हें अग्निमें होम दिया! स्वयं गौरीपति शिवजी इस बातके साक्षी हैं॥ २८ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-27  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-29

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
