---
title: "लंकाकाण्ड दोहा 27"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-27"
lang: "hi"
---

# लंकाकाण्ड · दोहा 27

**चौ०** 
> सुनु रावन परिहरि चतुराई। भजसि न कृपासिंधु रघुराई॥  
> जौं खल भएसि राम कर द्रोही। ब्रह्म रुद्र सक राखि न तोही॥१॥

भावार्थ: अरे रावण! चतुराई ( कपट ) छोड़कर सुन। कृपाके समुद्र श्रीरघुनाथजीका तू भजन क्यों नहीं करता? अरे दुष्ट! यदि तू श्रीरामजीका वैरी हुआ तो तुझे ब्रह्मा और रुद्र भी नहीं बचा सकेंगे॥ १ ॥

**चौ०** 
> मूढ़ बृथा जनि मारसि गाला। राम बयर अस होइहि हाला॥  
> तव सिर निकर कपिन्ह के आगें। परिहहिं धरनि राम सर लागें॥२॥

भावार्थ: हे मूढ़! व्यर्थ गाल न मार ( डींग न हाँक )। श्रीरामजीसे वैर करनेपर तेरा ऐसा हाल होगा कि तेरे सिर-समूह श्रीरामजीके बाण लगते ही वानरोंके आगे पृथ्वीपर पड़ेंगे, ॥ २ ॥

**चौ०** 
> ते तव सिर कंदुक सम नाना। खेलिहहिं भालु कीस चौगाना॥  
> जबहिं समर कोपिहि रघुनायक। छुटिहहिं अति कराल बहु सायक॥३॥

भावार्थ: और रीछ-वानर तेरे उन गेंदके समान अनेकों सिरोंसे चौगान खेलेंगे। जब श्रीरघुनाथजी युद्धमें कोप करेंगे और उनके अत्यन्त तीक्ष्ण बहुत-से बाण छूटेंगे, ॥ ३ ॥

**चौ०** 
> तब कि चलिहि अस गाल तुम्हारा। अस बिचारि भजु राम उदारा॥  
> सुनत बचन रावन परजरा। जरत महानल जनु घृत परा॥४॥

भावार्थ: तब क्या तेरा ऐसा गाल चलेगा? ऐसा विचारकर उदार ( कृपालु ) श्रीरामजीको भज। अंगदके ये वचन सुनकर रावण बहुत अधिक जल उठा। मानो जलती हुई प्रचण्ड अग्निमें घी पड़ गया हो॥ ४ ॥

**दो०** 
> कुंभकरन अस बंधु मम सुत प्रसिद्ध सक्रारि।  
> मोर पराक्रम नहिं सुनेहि जितेउँ चराचर झारि॥२७॥

भावार्थ: [ वह बोला—अरे मूर्ख! ] कुम्भकर्ण-ऐसा मेरा भाई है, इन्द्रका शत्रु सुप्रसिद्ध मेघनाद मेरा पुत्र है! और मेरा पराक्रम तो तूने सुना ही नहीं कि मैंने सम्पूर्ण जड-चेतन जगत्‌को जीत लिया है!॥ २७ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-26  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-28

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
