---
title: "लंकाकाण्ड दोहा 17b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-17b"
lang: "hi"
---

# लंकाकाण्ड · दोहा 17b

अंगदजीका लंका जाना और रावणकी सभामें अंगद-रावण-संवाद

**चौ०** 
> इहाँ प्रात जागे रघुराई। पूछा मत सब सचिव बोलाई॥  
> कहहु बेगि का करिअ उपाई। जामवंत कह पद सिरु नाई॥१॥

भावार्थ: यहाँ ( सुबेल पर्वतपर ) प्रातःकाल श्रीरघुनाथजी जागे और उन्होंने सब मन्त्रियोंको बुलाकर सलाह पूछी कि शीघ्र बताइये, अब क्या उपाय करना चाहिये ? जाम्बवान्‌ने श्रीरामजीके चरणोंमें सिर नवाकर कहा— ॥१॥

**चौ०** 
> सुनु सर्बग्य सकल उर बासी। बुधि बल तेज धर्म गुन रासी॥  
> मंत्र कहउँ निज मति अनुसारा। दूत पठाइअ बालिकुमारा॥२॥

भावार्थ: हे सर्वज्ञ ( सब कुछ जाननेवाले )! हे सबके हृदयमें बसनेवाले ( अन्तर्यामी )! हे बुद्धि, बल, तेज, धर्म और गुणोंकी राशि! सुनिये! मैं अपनी बुद्धिके अनुसार सलाह देता हूँ कि बालिकुमार अंगदको दूत बनाकर भेजा जाय!॥२॥

**चौ०** 
> नीक मंत्र सब के मन माना। अंगद सन कह कृपानिधाना॥  
> बालितनय बुधि बल गुन धामा। लंका जाहु तात मम कामा॥३॥

भावार्थ: यह अच्छी सलाह सबके मनमें जँच गयी। कृपाके निधान श्रीरामजीने अंगदसे कहा—हे बल, बुद्धि और गुणोंके धाम बालिपुत्र! हे तात! तुम मेरे कामके लिये लङ्का जाओ॥३॥

**चौ०** 
> बहुत बुझाइ तुम्हहि का कहऊँ। परम चतुर मैं जानत अहऊँ॥  
> काजु हमार तासु हित होई। रिपु सन करेहु बतकही सोई॥४॥

भावार्थ: तुमको बहुत समझाकर क्या कहूँ! मैं जानता हूँ, तुम परम चतुर हो। शत्रुसे वही बातचीत करना जिससे हमारा काम हो और उसका कल्याण हो॥४॥

**सो०** 
> प्रभु अग्या धरि सीस चरन बंदि अंगद उठेउ।  
> सोइ गुन सागर ईस राम कृपा जा पर करहु॥१७(क)॥

भावार्थ: प्रभुकी आज्ञा सिर चढ़ाकर और उनके चरणोंकी वन्दना करके अंगदजी उठे [ और बोले— ] हे भगवान्‌ श्रीरामजी! आप जिसपर कृपा करें, वही गुणोंका समुद्र हो जाता है॥१७ (क)॥

**सो०** 
> स्वयं सिद्ध सब काज नाथ मोहि आदरु दियउ।  
> अस बिचारि जुबराज तन पुलकित हरषित हियउ॥१७(ख)॥

भावार्थ: स्वामीके सब कार्य अपने-आप सिद्ध हैं; यह तो प्रभुने मुझको आदर दिया है [ जो मुझे अपने कार्यपर भेज रहे हैं ]। ऐसा विचारकर युवराज अंगदका हृदय हर्षित और शरीर पुलकित हो गया॥१७ (ख)॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-16b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-18

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
