---
title: "लंकाकाण्ड दोहा 13b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-13b"
lang: "hi"
---

# लंकाकाण्ड · दोहा 13b

**चौ०** 
> देखु बिभीषन दच्छिन आसा। घन घमंड दामिनी बिलासा॥  
> मधुर मधुर गरजइ घन घोरा। होइ बृष्टि जनि उपल कठोरा॥ १ ॥

भावार्थ: हे विभीषण! दक्षिण दिशाकी ओर देखो, बादल कैसा घुमड़ रहा है और बिजली चमक रही है। भयानक बादल मीठे-मीठे ( हलके-हलके ) स्वरसे गरज रहा है। कहीं कठोर ओलोंकी वर्षा न हो!॥१॥

**चौ०** 
> कहत बिभीषन सुनहु कृपाला। होइ न तड़ित न बारिद माला॥  
> लंका सिखर उपर आगारा। तहँ दसकंधर देख अखारा॥ २॥

भावार्थ: विभीषण बोले—हे कृपालु! सुनिये, यह न तो बिजली है, न बादलोंकी घटा। लंकाकी चोटीपर एक महल है। दशग्रीव रावण वहाँ [ नाच-गानका ] अखाड़ा देख रहा है॥२॥

**चौ०** 
> छत्र मेघडंबर सिर धारी। सोइ जनु जलद घटा अति कारी॥  
> मंदोदरी श्रवन ताटंका। सोइ प्रभु जनु दामिनी दमंका॥ ३॥

भावार्थ: रावणने सिरपर मेघडंबर ( बादलोंके डंबर-जैसा विशाल और काला ) छत्र धारण कर रखा है। वही मानो बादलोंकी अत्यन्त काली घटा है। मन्दोदरीके कानोंमें जो कर्णफूल हिल रहे हैं, हे प्रभो! वही मानो बिजली चमक रही है॥३॥

**चौ०** 
> बाजहिं ताल मृदंग अनूपा। सोइ रव मधुर सुनहु सुरभूपा॥  
> प्रभु मुसुकान समुझि अभिमाना। चाप चढ़ाइ बान संधाना॥ ४ ॥

भावार्थ: हे देवताओंके सम्राट्‌! सुनिये, अनुपम ताल और मृदंग बज रहे हैं। वही मधुर [ गर्जन ] ध्वनि है। रावणका अभिमान समझकर प्रभु मुसकराये। उन्होंने धनुष चढ़ाकर उसपर बाणका सन्धान किया;॥४॥

**दो०** 
> छत्र मुकुट ताटंक तब हते एकहीं बान।  
> सब कें देखत महि परे मरमु न कोऊ जान॥ १३ (क) ॥

भावार्थ: और एक ही बाणसे [ रावणके ] छत्र-मुकुट और [ मन्दोदरीके ] कर्णफूल काट गिराये। सबके देखते-देखते वे जमीनपर आ पड़े, पर इसका भेद ( कारण ) किसीने नहीं जाना॥१३ ( क )॥

**दो०** 
> अस कौतुक करि राम सर प्रबिसेउ आइ निषंग।  
> रावन सभा ससंक सब देखि महा रसभंग॥ १३ (ख) ॥

भावार्थ: ऐसा चमत्कार करके श्रीरामजीका बाण [ वापस ] आकर [ फिर ] तरकसमें जा घुसा। यह महान्‌ रस-भंग ( रंगमें भंग ) देखकर रावणकी सारी सभा भयभीत हो गयी॥१३ ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-12b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-14

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
