---
title: "लंकाकाण्ड दोहा 12b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-12b"
lang: "hi"
---

# लंकाकाण्ड · दोहा 12b

श्रीरामजीके बाणसे रावणके मुकुट-छत्रादिका गिरना

**चौ०** 
> पूरब दिसि गिरिगुहा निवासी। परम प्रताप तेज बल रासी॥  
> मत्त नाग तम कुंभ बिदारी। ससि केसरी गगन बन चारी॥ १ ॥

भावार्थ: पूर्व दिशारूपी पर्वतकी गुफामें रहनेवाला, अत्यन्त प्रताप, तेज और बलकी राशि यह चन्द्रमारूपी सिंह अन्धकाररूपी मतवाले हाथीके मस्तकको विदीर्ण करके आकाशरूपी वनमें निर्भय विचर रहा है॥ १ ॥

**चौ०** 
> बिथुरे नभ मुकुताहल तारा। निसि सुंदरी केर सिंगारा॥  
> कह प्रभु ससि महुँ मेचकताई। कहहु काह निज निज मति भाई॥ २ ॥

भावार्थ: आकाशमें बिखरे हुए तारे मोतियोंके समान हैं, जो रात्रिरूपी सुन्दर स्त्रीके शृङ्गार हैं। प्रभुने कहा—भाइयो! चन्द्रमामें जो कालापन है वह क्या है ? अपनी-अपनी बुद्धिके अनुसार कहो॥ २ ॥

**चौ०** 
> कह सुग्रीव सुनहु रघुराई। ससि महुँ प्रगट भूमि कै झाँई॥  
> मारेउ राहु ससिहि कह कोई। उर महँ परी स्यामता सोई॥ ३ ॥

भावार्थ: सुग्रीवने कहा—हे रघुनाथजी! सुनिये। चन्द्रमामें पृथ्वीकी छाया दिखायी दे रही है। किसीने कहा—चन्द्रमाको राहुने मारा था। वही [ चोटका ] काला दाग हृदयपर पड़ा हुआ है॥३॥

**चौ०** 
> कोउ कह जब बिधि रति मुख कीन्हा। सार भाग ससि कर हरि लीन्हा॥  
> छिद्र सो प्रगट इंदु उर माहीं। तेहि मग देखिअ नभ परिछाहीं॥ ४ ॥

भावार्थ: कोई कहता है—जब ब्रह्माने [ कामदेवकी स्त्री ] रतिका मुख बनाया, तब उसने चन्द्रमाका सार भाग निकाल लिया [ जिससे रतिका मुख तो परम सुन्दर बन गया, परन्तु चन्द्रमाके हृदयमें छेद हो गया ]। वही छेद चन्द्रमाके हृदयमें वर्तमान है, जिसकी राहसे आकाशकी काली छाया उसमें दिखायी पड़ती है॥४॥

**चौ०** 
> प्रभु कह गरल बंधु ससि केरा। अति प्रिय निज उर दीन्ह बसेरा॥  
> बिष संजुत कर निकर पसारी। जारत बिरहवंत नर नारी॥ ५ ॥

भावार्थ: प्रभु श्रीरामजीने कहा—विष चन्द्रमाका बहुत प्यारा भाई है। इसीसे उसने विषको अपने हृदयमें स्थान दे रखा है। विषयुक्त अपने किरणसमूहको फैलाकर वह वियोगी नर-नारियोंको जलाता रहता है॥५॥

**दो०** 
> कह हनुमंत सुनहु प्रभु ससि तुम्हार प्रिय दास।  
> तव मूरति बिधु उर बसति सोइ स्यामता अभास॥ १२ (क) ॥

भावार्थ: हनुमान्‌जीने कहा—हे प्रभो! सुनिये, चन्द्रमा आपका प्रिय दास है। आपकी सुन्दर श्याम मूर्ति चन्द्रमाके हृदयमें बसती है, वही श्यामताकी झलक चन्द्रमामें है॥१२ ( क )॥

**दो०** 
> पवन तनय के बचन सुनि बिहँसे रामु सुजान।  
> दच्छिन दिसि अवलोकि प्रभु बोले कृपानिधान॥ १२ (ख) ॥

भावार्थ: पवनपुत्र हनुमान्‌जीके वचन सुनकर सुजान श्रीरामजी हँसे। फिर दक्षिणकी ओर देखकर कृपानिधान प्रभु बोले— ॥१२ ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-11b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-13b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
