---
title: "लंकाकाण्ड दोहा 1"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-1"
lang: "hi"
---

# लंकाकाण्ड · दोहा 1

**चौ०** 
> यह लघु जलधि तरत कति बारा। अस सुनि पुनि कह पवनकुमारा॥  
> प्रभु प्रताप बड़वानल भारी। सोषेउ प्रथम पयोनिधि बारी॥ १ ॥

भावार्थ: फिर यह छोटा-सा समुद्र पार करनेमें कितनी देर लगेगी ? ऐसा सुनकर फिर पवनकुमार श्रीहनुमान्‌जीने कहा—प्रभुका प्रताप भारी बड़वानल ( समुद्रकी आग ) के समान है। इसने पहले समुद्रके जलको सोख लिया था॥ १ ॥

**चौ०** 
> तव रिपु नारि रुदन जल धारा। भरेउ बहोरि भयउ तेहिं खारा॥  
> सुनि अति उकुति पवनसुत केरी। हरषे कपि रघुपति तन हेरी॥ २ ॥

भावार्थ: परन्तु आपके शत्रुओंकी स्त्रियोंके आँसुओंकी धारासे यह फिर भर गया और उसीसे खारा भी हो गया। हनुमान्‌जीकी यह अत्युक्ति ( अलङ्कारपूर्ण युक्ति ) सुनकर वानर श्रीरघुनाथजीकी ओर देखकर हर्षित हो गये॥ २ ॥

**चौ०** 
> जामवंत बोले दोउ भाई। नल नीलहि सब कथा सुनाई॥  
> राम प्रताप सुमिरि मन माहीं। करहु सेतु प्रयास कछु नाहीं॥ ३ ॥

भावार्थ: जाम्बवान्‌ने नल-नील दोनों भाइयोंको बुलाकर उन्हें सारी कथा कह सुनायी [ और कहा— ] मनमें श्रीरामजीके प्रतापको स्मरण करके सेतु तैयार करो, [ रामप्रतापसे ] कुछ भी परिश्रम नहीं होगा॥ ३ ॥

**चौ०** 
> बोलि लिए कपि निकर बहोरी। सकल सुनहु बिनती कछु मोरी॥  
> राम चरन पंकज उर धरहू। कौतुक एक भालु कपि करहू॥ ४ ॥

भावार्थ: फिर वानरोंके समूहको बुला लिया [ और कहा— ] आप सब लोग मेरी कुछ विनती सुनिये। अपने हृदयमें श्रीरामजीके चरण-कमलोंको धारण कर लीजिये और सब भालू और वानर एक खेल कीजिये॥ ४ ॥

**चौ०** 
> धावहु मर्कट बिकट बरूथा। आनहु बिटप गिरिन्ह के जूथा॥  
> सुनि कपि भालु चले करि हूहा। जय रघुबीर प्रताप समूहा॥ ५ ॥

भावार्थ: विकट वानरोंके समूह ( आप ) दौड़ जाइये और वृक्षों तथा पर्वतोंके समूहोंको उखाड़ लाइये। यह सुनकर वानर और भालू हूह ( हुंकार ) करके और श्रीरघुनाथजीके प्रतापसमूहकी [ अथवा प्रतापके पुंज श्रीरामजीकी ] जय पुकारते हुए चले॥ ५ ॥

**दो०** 
> अति उतंग गिरि पादप लीलहिं लेहिं उठाइ।  
> आनि देहिं नल नीलहि रचहिं ते सेतु बनाइ॥ १ ॥

भावार्थ: बहुत ऊँचे-ऊँचे पर्वतों और वृक्षोंको खेलकी तरह ही [ उखाड़कर ] उठा लेते हैं और ला-लाकर नल-नीलको देते हैं। वे अच्छी तरह गढ़कर [ सुन्दर ] सेतु बनाते हैं॥ १ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/mangalacharan  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/lanka-kand/doha-2

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
