---
title: "किष्किन्धाकाण्ड दोहा 8"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-8"
lang: "hi"
---

# किष्किन्धाकाण्ड · दोहा 8

**चौ०** 
> अस कहि चला महा अभिमानी। तृन समान सुग्रीवहि जानी॥  
> भिरे उभौ बाली अति तर्जा। मुठिका मारि महाधुनि गर्जा॥१॥

भावार्थ: ऐसा कहकर वह महान् अभिमानी बालि सुग्रीवको तिनकेके समान जानकर चला। दोनों भिड़ गये। बालिने सुग्रीवको बहुत धमकाया और घूँसा मारकर बड़े जोरसे गरजा॥ १ ॥

**चौ०** 
> तब सुग्रीव बिकल होइ भागा। मुष्टि प्रहार बज्र सम लागा॥  
> मैं जो कहा रघुबीर कृपाला। बंधु न होइ मोर यह काला॥२॥

भावार्थ: तब सुग्रीव व्याकुल होकर भागा। घूँसेकी चोट उसे वज्रके समान लगी। [ सुग्रीवने आकर कहा— ] हे कृपालु रघुवीर! मैंने आपसे पहले ही कहा था कि बालि मेरा भाई नहीं है, काल है॥ २ ॥

**चौ०** 
> एकरूप तुम्ह भ्राता दोऊ। तेहि भ्रम तें नहिं मारेउँ सोऊ॥  
> कर परसा सुग्रीव सरीरा। तनु भा कुलिस गई सब पीरा॥३॥

भावार्थ: [ श्रीरामजीने कहा— ] तुम दोनों भाइयोंका एक-सा ही रूप है। इसी भ्रमसे मैंने उसको नहीं मारा। फिर श्रीरामजीने सुग्रीवके शरीरको हाथसे स्पर्श किया, जिससे उसका शरीर वज्रके समान हो गया और सारी पीड़ा जाती रही॥ ३ ॥

**चौ०** 
> मेली कंठ सुमन कै माला। पठवा पुनि बल देइ बिसाला॥  
> पुनि नाना बिधि भई लराई। बिटप ओट देखहिं रघुराई॥४॥

भावार्थ: तब श्रीरामजीने सुग्रीवके गलेमें फूलोंकी माला डाल दी और फिर उसे बड़ा भारी बल देकर भेजा। दोनोंमें पुनः अनेक प्रकारसे युद्ध हुआ। श्रीरघुनाथजी वृक्षकी आड़से देख रहे थे॥ ४ ॥

**दो०** 
> बहु छल बल सुग्रीव कर हियँ हारा भय मानि।  
> मारा बालि राम तब हृदय माझ सर तानि॥८॥

भावार्थ: सुग्रीवने बहुत-से छल-बल किये, किन्तु [ अन्तमें ] भय मानकर हृदयसे हार गया। तब श्रीरामजीने तानकर बालिके हृदयमें बाण मारा॥ ८ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-7  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-9

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
