---
title: "किष्किन्धाकाण्ड दोहा 5"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-5"
lang: "hi"
---

# किष्किन्धाकाण्ड · दोहा 5

सुग्रीवका दुःख सुनाना, बालिवधकी प्रतिज्ञा, श्रीरामजीका मित्र-लक्षण-वर्णन

**चौ०** 
> कीन्हि प्रीति कछु बीच न राखा। लछिमन राम चरित सब भाषा॥  
> कह सुग्रीव नयन भरि बारी। मिलिहि नाथ मिथिलेसकुमारी॥१॥

भावार्थ: दोनोंने [ हृदयसे ] प्रीति की, कुछ भी अन्तर नहीं रखा। तब लक्ष्मणजीने श्रीरामचन्द्रजीका सारा इतिहास कहा। सुग्रीवने नेत्रोंमें जल भरकर कहा—हे नाथ! मिथिलेशकुमारी जानकीजी मिल जायँगी॥ १ ॥

**चौ०** 
> मंत्रिन्ह सहित इहाँ एक बारा। बैठ रहेउँ मैं करत बिचारा॥  
> गगन पंथ देखी मैं जाता। परबस परी बहुत बिलपाता॥२॥

भावार्थ: मैं एक बार यहाँ मन्त्रियोंके साथ बैठा हुआ कुछ विचार कर रहा था। तब मैंने पराये ( शत्रु ) के वशमें पड़ी बहुत विलाप करती हुई सीताजीको आकाशमार्गसे जाते देखा था॥ २ ॥

**चौ०** 
> राम राम हा राम पुकारी। हमहि देखि दीन्हेउ पट डारी॥  
> मागा राम तुरत तेहिं दीन्हा। पट उर लाइ सोच अति कीन्हा॥३॥

भावार्थ: हमें देखकर उन्होंने ‘राम! राम! हा राम!’ पुकारकर वस्त्र गिरा दिया था। श्रीरामजीने उसे माँगा, तब सुग्रीवने तुरंत ही दे दिया। वस्त्रको हृदयसे लगाकर श्रीरामचन्द्रजीने बहुत ही सोच किया॥ ३ ॥

**चौ०** 
> कह सुग्रीव सुनहु रघुबीरा। तजहु सोच मन आनहु धीरा॥  
> सब प्रकार करिहउँ सेवकाई। जेहि बिधि मिलिहि जानकी आई॥४॥

भावार्थ: सुग्रीवने कहा—हे रघुवीर! सुनिये, सोच छोड़ दीजिये और मनमें धीरज लाइये। मैं सब प्रकारसे आपकी सेवा करूँगा, जिस उपायसे जानकीजी आकर आपको मिलें॥ ४ ॥

**दो०** 
> सखा बचन सुनि हरषे कृपासिंधु बलसींव।  
> कारन कवन बसहु बन मोहि कहहु सुग्रीव॥५॥

भावार्थ: कृपाके समुद्र और बलकी सीमा श्रीरामजी सखा सुग्रीवके वचन सुनकर हर्षित हुए। [ और बोले— ] हे सुग्रीव! मुझे बताओ, तुम वनमें किस कारण रहते हो ?॥ ५ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-4  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-6

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
