---
title: "किष्किन्धाकाण्ड दोहा 28"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-28"
lang: "hi"
---

# किष्किन्धाकाण्ड · दोहा 28

समुद्र लाँघनेका परामर्श, जाम्बवन्तका हनुमान्‌जीको बल याद दिलाकर उत्साहित करना

**चौ०** 
> अनुज क्रिया करि सागर तीरा। कहि निज कथा सुनहु कपि बीरा॥  
> हम द्वौ बंधु प्रथम तरुनाई। गगन गए रबि निकट उड़ाई॥१॥

भावार्थ: समुद्रके तीरपर छोटे भाई जटायुकी क्रिया ( श्राद्ध आदि ) करके सम्पाती अपनी कथा कहने लगा—हे वीर वानरो! सुनो, हम दोनों भाई उठती जवानीमें एक बार आकाशमें उड़कर सूर्यके निकट चले गये॥ १ ॥

**चौ०** 
> तेज न सहि सक सो फिरि आवा। मैं अभिमानी रबि निअरावा॥  
> जरे पंख अति तेज अपारा। परेउँ भूमि करि घोर चिकारा॥२॥

भावार्थ: वह ( जटायु ) तेज नहीं सह सका, इससे लौट आया। ( किन्तु ) मैं अभिमानी था इसलिये सूर्यके पास चला गया। अत्यन्त अपार तेजसे मेरे पंख जल गये। मैं बड़े जोरसे चीख मारकर जमीनपर गिर पड़ा॥ २ ॥

**चौ०** 
> मुनि एक नाम चंद्रमा ओही। लागी दया देखि करि मोही॥  
> बहु प्रकार तेहिं ग्यान सुनावा। देह जनित अभिमान छड़ावा॥३॥

भावार्थ: वहाँ चन्द्रमा नामके एक मुनि थे। मुझे देखकर उन्हें बड़ी दया लगी। उन्होंने बहुत प्रकारसे मुझे ज्ञान सुनाया और मेरे देहजनित ( देहसम्बन्धी ) अभिमानको छुड़ा दिया॥ ३ ॥

**चौ०** 
> त्रेताँ ब्रह्म मनुज तनु धरिही। तासु नारि निसिचर पति हरिही॥  
> तासु खोज पठइहि प्रभु दूता। तिन्हहि मिलें तैं होब पुनीता॥४॥

भावार्थ: [ उन्होंने कहा— ] त्रेतायुगमें साक्षात्‌ परब्रह्म मनुष्यशरीर धारण करेंगे। उनकी स्त्रीको राक्षसोंका राजा हर ले जायगा। उसकी खोजमें प्रभु दूत भेजेंगे। उनसे मिलनेपर तू पवित्र हो जायगा॥ ४ ॥

**चौ०** 
> जमिहहिं पंख करसि जनि चिंता। तिन्हहि देखाइ देहेसु तैं सीता॥  
> मुनि कइ गिरा सत्य भइ आजू। सुनि मम बचन करहु प्रभु काजू॥५॥

भावार्थ: और तेरे पंख उग आयेंगे; चिन्ता न कर। उन्हें तू सीताजीको दिखा देना। मुनिकी वह वाणी आज सत्य हुई। अब मेरे वचन सुनकर तुम प्रभुका कार्य करो॥ ५ ॥

**चौ०** 
> गिरि त्रिकूट ऊपर बस लंका। तहँ रह रावन सहज असंका॥  
> तहँ असोक उपबन जहँ रहई। सीता बैठि सोच रत अहई॥६॥

भावार्थ: त्रिकूट पर्वतपर लङ्का बसी हुई है। वहाँ स्वभावहीसे निडर रावण रहता है। वहाँ अशोक नामका उपवन ( बगीचा ) है, जहाँ सीताजी रहती हैं। [ इस समय भी ] वे सोचमें मग्न बैठी हैं॥ ६ ॥

**दो०** 
> मैं देखउँ तुम्ह नाहीं गीधहि दृष्टि अपार।  
> बूढ़ भयउँ न त करतेउँ कछुक सहाय तुम्हार॥२८॥

भावार्थ: मैं उन्हें देख रहा हूँ, तुम नहीं देख सकते; क्योंकि गीधकी दृष्टि अपार होती है ( बहुत दूरतक जाती है )। क्या करूँ? मैं बूढ़ा हो गया, नहीं तो तुम्हारी कुछ तो सहायता अवश्य करता॥ २८ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-27  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-29

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
