---
title: "किष्किन्धाकाण्ड दोहा 15b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-15b"
lang: "hi"
---

# किष्किन्धाकाण्ड · दोहा 15b

शरद्-ऋतु-वर्णन

**चौ०** 
> दादुर धुनि चहु दिसा सुहाई। बेद पढ़हिं जनु बटु समुदाई॥  
> नव पल्लव भए बिटप अनेका। साधक मन जस मिलें बिबेका॥१॥

भावार्थ: चारों दिशाओंमें मेढकोंकी ध्वनि ऐसी सुहावनी लगती है, मानो विद्यार्थियोंके समुदाय वेद पढ़ रहे हों। अनेकों वृक्षोंमें नये पत्ते आ गये हैं, जिससे वे ऐसे हरे-भरे एवं सुशोभित हो गये हैं जैसे साधकका मन विवेक ( ज्ञान ) प्राप्त होनेपर हो जाता है॥१॥

**चौ०** 
> अर्क जवास पात बिनु भयऊ। जस सुराज खल उद्यम गयऊ॥  
> खोजत कतहुँ मिलइ नहिं धूरी। करइ क्रोध जिमि धरमहि दूरी॥२॥

भावार्थ: मदार और जवासा बिना पत्तेके हो गये ( उनके पत्ते झड़ गये )। जैसे श्रेष्ठ राज्यमें दुष्टोंका उद्यम जाता रहा ( उनकी एक भी नहीं चलती )। धूल कहीं खोजनेपर भी नहीं मिलती, जैसे क्रोध धर्मको दूर कर देता है ( अर्थात्‌ क्रोधका आवेश होनेपर धर्मका ज्ञान नहीं रह जाता )॥२॥

**चौ०** 
> ससि संपन्न सोह महि कैसी। उपकारी कै संपति जैसी॥  
> निसि तम घन खद्योत बिराजा। जनु दंभिन्ह कर मिला समाजा॥३॥

भावार्थ: अन्नसे युक्त ( लहलहाती हुई खेतीसे हरी-भरी ) पृथ्वी कैसी शोभित हो रही है, जैसी उपकारी पुरुषकी सम्पत्ति। रातके घने अन्धकारमें जुगनू शोभा पा रहे हैं, मानो दम्भियोंका समाज आ जुटा हो॥३॥

**चौ०** 
> महाबृष्टि चलि फूटि किआरीं। जिमि सुतंत्र भएँ बिगरहिं नारीं॥  
> कृषी निरावहिं चतुर किसाना। जिमि बुध तजहिं मोह मद माना॥४॥

भावार्थ: भारी वर्षासे खेतोंकी क्यारियाँ फूट चली हैं, जैसे स्वतन्त्र होनेसे स्त्रियाँ बिगड़ जाती हैं। चतुर किसान खेतोंको निरा रहे हैं ( उनमेंसे घास आदिको निकालकर फेंक रहे हैं )। जैसे विद्वान्‌ लोग मोह, मद और मानका त्याग कर देते हैं॥४॥

**चौ०** 
> देखिअत चक्रबाक खग नाहीं। कलिहि पाइ जिमि धर्म पराहीं॥  
> ऊषर बरषइ तृन नहिं जामा। जिमि हरिजन हियँ उपज न कामा॥५॥

भावार्थ: चक्रवाक पक्षी दिखायी नहीं दे रहे हैं; जैसे कलियुगको पाकर धर्म भाग जाते हैं। ऊसरमें वर्षा होती है, पर वहाँ घासतक नहीं उगती। जैसे हरिभक्तके हृदयमें काम नहीं उत्पन्न होता॥५॥

**चौ०** 
> बिबिध जंतु संकुल महि भ्राजा। प्रजा बाढ़ जिमि पाइ सुराजा॥  
> जहँ तहँ रहे पथिक थकि नाना। जिमि इंद्रिय गन उपजें ग्याना॥६॥

भावार्थ: पृथ्वी अनेक तरहके जीवोंसे भरी हुई उसी तरह शोभायमान है, जैसे सुराज्य पाकर प्रजाकी वृद्धि होती है। जहाँ-तहाँ अनेक पथिक थककर ठहरे हुए हैं, जैसे ज्ञान उत्पन्न होनेपर इन्द्रियाँ [ शिथिल होकर विषयोंकी ओर जाना छोड़ देती हैं ]॥६॥

**दो०** 
> कबहुँ प्रबल बह मारुत जहँ तहँ मेघ बिलाहिं।  
> जिमि कपूत के उपजें कुल सद्धर्म नसाहिं॥१५ (क)॥

भावार्थ: कभी-कभी वायु बड़े जोरसे चलने लगती है, जिससे बादल जहाँ-तहाँ गायब हो जाते हैं। जैसे कुपुत्रके उत्पन्न होनेसे कुलके उत्तम धर्म ( श्रेष्ठ आचरण ) नष्ट हो जाते हैं॥१५ (क)॥

**दो०** 
> कबहुँ दिवस महँ निबिड़ तम कबहुँक प्रगट पतंग।  
> बिनसइ उपजइ ग्यान जिमि पाइ कुसंग सुसंग॥१५ (ख)॥

भावार्थ: कभी [ बादलोंके कारण ] दिनमें घोर अन्धकार छा जाता है और कभी सूर्य प्रकट हो जाते हैं। जैसे कुसंग पाकर ज्ञान नष्ट हो जाता है और सुसंग पाकर उत्पन्न हो जाता है॥१५ (ख)॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-14  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-16

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
