---
title: "किष्किन्धाकाण्ड दोहा 12"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-12"
lang: "hi"
---

# किष्किन्धाकाण्ड · दोहा 12

वर्षा-ऋतु-वर्णन

**चौ०** 
> उमा राम सम हित जग माहीं। गुरु पितु मातु बंधु प्रभु नाहीं॥  
> सुर नर मुनि सब कै यह रीती। स्वारथ लागि करहिं सब प्रीती॥१॥

भावार्थ: हे पार्वती! जगत्‌में श्रीरामजीके समान हित करनेवाला गुरु, पिता, माता, बन्धु और स्वामी कोई नहीं है। देवता, मनुष्य और मुनि सबकी यह रीति है कि स्वार्थके लिये ही सब प्रीति करते हैं॥१॥

**चौ०** 
> बालि त्रास ब्याकुल दिन राती। तन बहु ब्रन चिंताँ जर छाती॥  
> सोइ सुग्रीव कीन्ह कपिराऊ। अति कृपाल रघुबीर सुभाऊ॥२॥

भावार्थ: जो सुग्रीव दिन-रात बालिके भयसे व्याकुल रहता था, जिसके शरीरमें बहुत-से घाव हो गये थे और जिसकी छाती चिन्ताके मारे जला करती थी, उसी सुग्रीवको उन्होंने वानरोंका राजा बना दिया। श्रीरामचन्द्रजीका स्वभाव अत्यन्त ही कृपालु है॥२॥

**चौ०** 
> जानतहूँ अस प्रभु परिहरहीं। काहे न बिपति जाल नर परहीं॥  
> पुनि सुग्रीवहि लीन्ह बोलाई। बहु प्रकार नृपनीति सिखाई॥३॥

भावार्थ: जो लोग जानते हुए भी ऐसे प्रभुको त्याग देते हैं, वे क्यों न विपत्तिके जालमें फँसें? फिर श्रीरामजीने सुग्रीवको बुला लिया और बहुत प्रकारसे उन्हें राजनीतिकी शिक्षा दी॥३॥

**चौ०** 
> कह प्रभु सुनु सुग्रीव हरीसा। पुर न जाउँ दस चारि बरीसा॥  
> गत ग्रीषम बरषा रितु आई। रहिहउँ निकट सैल पर छाई॥४॥

भावार्थ: फिर प्रभुने कहा—हे वानरपति सुग्रीव! सुनो, मैं चौदह वर्षतक गाँव ( बस्ती ) में नहीं जाऊँगा। ग्रीष्म-ऋतु बीतकर वर्षा-ऋतु आ गयी। अतः मैं यहाँ पास ही पर्वतपर टिक रहूँगा॥४॥

**चौ०** 
> अंगद सहित करहु तुम्ह राजू। संतत हृदयँ धरेहु मम काजू॥  
> जब सुग्रीव भवन फिरि आए। रामु प्रबरषन गिरि पर छाए॥५॥

भावार्थ: तुम अंगदसहित राज्य करो। मेरे कामका हृदयमें सदा ध्यान रखना। तदनन्तर जब सुग्रीवजी घर लौट आये, तब श्रीरामजी प्रवर्षण पर्वतपर जा टिके॥५॥

**दो०** 
> प्रथमहिं देवन्ह गिरि गुहा राखेउ रुचिर बनाइ।  
> राम कृपानिधि कछु दिन बास करहिंगे आइ॥१२॥

भावार्थ: देवताओंने पहलेसे ही उस पर्वतकी एक गुफाको सुन्दर बना ( सजा ) रखा था। उन्होंने सोच रखा था कि कृपाकी खान श्रीरामजी कुछ दिन यहाँ आकर निवास करेंगे॥१२॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-11  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/kishkindha-kand/doha-13

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
