---
title: "बालकाण्ड दोहा 92"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-92"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 92

शिवजीकी विचित्र बारात और विवाहकी तैयारी

**चौ०** 
> सिवहि संभु गन करहिं सिंगारा। जटा मुकुट अहि मौरु सँवारा॥  
> कुंडल कंकन पहिरे ब्याला। तन बिभूति पट केहरि छाला॥१॥

भावार्थ: शिवजीके गण शिवजीका शृङ्गार करने लगे। जटाओंका मुकुट बनाकर उसपर साँपोंका मौर सजाया गया। शिवजीने साँपोंके ही कुण्डल और कङ्कण पहने, शरीरपर विभूति रमायी और वस्त्रकी जगह बाघम्बर लपेट लिया॥१॥

**चौ०** 
> ससि ललाट सुंदर सिर गंगा। नयन तीनि उपबीत भुजंगा॥  
> गरल कंठ उर नर सिर माला। असिव बेष सिवधाम कृपाला॥२॥

भावार्थ: शिवजीके सुन्दर मस्तकपर चन्द्रमा, सिरपर गङ्गाजी, तीन नेत्र, साँपोंका जनेऊ, गलेमें विष और छातीपर नरमुण्डोंकी माला थी। इस प्रकार उनका वेष अशुभ होनेपर भी वे कल्याणके धाम और कृपालु हैं॥२॥

**चौ०** 
> कर त्रिसूल अरु डमरु बिराजा। चले बसहँ चढ़ि बाजहिं बाजा॥  
> देखि सिवहि सुरत्रिय मुसुकाहीं। बर लायक दुलहिनि जग नाहीं॥३॥

भावार्थ: एक हाथमें त्रिशूल और दूसरेमें डमरू सुशोभित है। शिवजी बैलपर चढ़कर चले। बाजे बज रहे हैं। शिवजीको देखकर देवाङ्गनाएँ मुसकरा रही हैं [ और कहती हैं कि ] इस वरके योग्य दुलहिन संसारमें नहीं मिलेगी॥३॥

**चौ०** 
> बिष्नु बिरंचि आदि सुरब्राता। चढ़ि चढ़ि बाहन चले बराता॥  
> सुर समाज सब भाँति अनूपा। नहिं बरात दूलह अनुरूपा॥४॥

भावार्थ: विष्णु और ब्रह्मा आदि देवताओंके समूह अपने-अपने वाहनों ( सवारियों )-पर चढ़कर बरातमें चले। देवताओंका समाज सब प्रकारसे अनुपम ( परम सुन्दर ) था, पर दूल्हेके योग्य बरात न थी॥४॥

**दो०** 
> बिष्नु कहा अस बिहसि तब बोलि सकल दिसिराज।  
> बिलग बिलग होइ चलहु सब निज निज सहित समाज॥९२॥

भावार्थ: तब विष्णुभगवान्‌ने सब दिक्पालोंको बुलाकर हँसकर ऐसा कहा—सब लोग अपने-अपने दलसमेत अलग-अलग होकर चलो॥९२॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-91  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-93

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
