---
title: "बालकाण्ड दोहा 90"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-90"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 90

**चौ०** 
> सुनि बोलीं मुसुकाइ भवानी। उचित कहेहु मुनिबर बिग्यानी॥  
> तुम्हरें जान कामु अब जारा। अब लगि संभु रहे सबिकारा॥१॥

भावार्थ: यह सुनकर पार्वतीजी मुसकराकर बोलीं—हे विज्ञानी मुनिवरो! आपने उचित ही कहा। आपकी समझमें शिवजीने कामदेवको अब जलाया है, अबतक तो वे विकारयुक्त ( कामी ) ही रहे!॥१॥

**चौ०** 
> हमरें जान सदा सिव जोगी। अज अनवद्य अकाम अभोगी॥  
> जौं मैं सिव सेये अस जानी। प्रीति समेत कर्म मन बानी॥२॥

भावार्थ: किन्तु हमारी समझसे तो शिवजी सदासे ही योगी, अजन्मा, अनिन्द्य, कामरहित और भोगहीन हैं और यदि मैंने शिवजीको ऐसा समझकर ही मन, वचन और कर्मसे प्रेमसहित उनकी सेवा की है—॥२॥

**चौ०** 
> तौ हमार पन सुनहु मुनीसा। करिहहिं सत्य कृपानिधि ईसा॥  
> तुम्ह जो कहा हर जारेउ मारा। सोइ अति बड़ अबिबेकु तुम्हारा॥३॥

भावार्थ: तो हे मुनीश्वरो! सुनिये, वे कृपानिधान भगवान्‌ मेरी प्रतिज्ञाको सत्य करेंगे। आपने जो यह कहा कि शिवजीने कामदेवको भस्म कर दिया, यही आपका बड़ा भारी अविवेक है॥३॥

**चौ०** 
> तात अनल कर सहज सुभाऊ। हिम तेहि निकट जाइ नहिं काऊ॥  
> गएँ समीप सो अवसि नसाई। असि मन्मथ महेस की नाई॥४॥

भावार्थ: हे तात! अग्निका तो यह सहज स्वभाव ही है कि पाला उसके समीप कभी जा ही नहीं सकता और जानेपर वह अवश्य नष्ट हो जायगा। महादेवजी और कामदेवके सम्बन्धमें भी यही न्याय ( बात ) समझना चाहिये॥४॥

**दो०** 
> हियँ हरषे मुनि बचन सुनि देखि प्रीति बिस्वास।  
> चले भवानिहि नाइ सिर गए हिमाचल पास॥९०॥

भावार्थ: पार्वतीके वचन सुनकर और उनका प्रेम तथा विश्वास देखकर मुनि हृदयमें बड़े प्रसन्न हुए। वे भवानीको सिर नवाकर चल दिये और हिमाचलके पास पहुँचे॥९०॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-89  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-91

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
