---
title: "बालकाण्ड दोहा 82"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-82"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 82

कामदेवका देवकार्यके लिये जाना और भस्म होना

**चौ०** 
> जाइ मुनिन्ह हिमवंतु पठाए। करि बिनती गिरजहिं गृह ल्याए॥  
> बहुरि सप्तरिषि सिव पहिं जाई। कथा उमा कै सकल सुनाई॥१॥

भावार्थ: मुनियोंने जाकर हिमवान्‌को पार्वतीजीके पास भेजा और वे विनती करके उनको घर ले आये; फिर सप्तर्षियोंने शिवजीके पास जाकर उनको पार्वतीजीकी सारी कथा सुनायी॥१॥

**चौ०** 
> भए मगन सिव सुनत सनेहा। हरषि सप्तरिषि गवने गेहा॥  
> मनु थिर करि तब संभु सुजाना। लगे करन रघुनायक ध्याना॥२॥

भावार्थ: पार्वतीजीका प्रेम सुनते ही शिवजी आनन्दमग्न हो गये। सप्तर्षि प्रसन्न होकर अपने घर ( ब्रह्मलोक ) को चले गये। तब सुजान शिवजी मनको स्थिर करके श्रीरघुनाथजीका ध्यान करने लगे॥२॥

**चौ०** 
> तारकु असुर भयउ तेहि काला। भुज प्रताप बल तेज बिसाला॥  
> तेहिं सब लोक लोकपति जीते। भए देव सुख संपति रीते॥३॥

भावार्थ: उसी समय तारक नामका असुर हुआ, जिसकी भुजाओंका बल, प्रताप और तेज बहुत बड़ा था। उसने सब लोक और लोकपालोंको जीत लिया, सब देवता सुख और सम्पत्तिसे रहित हो गये॥३॥

**चौ०** 
> अजर अमर सो जीति न जाई। हारे सुर करि बिबिध लराई॥  
> तब बिरंचि सन जाइ पुकारे। देखे बिधि सब देव दुखारे॥४॥

भावार्थ: वह अजर-अमर था, इसलिये किसीसे जीता नहीं जाता था। देवता उसके साथ बहुत तरहकी लड़ाइयाँ लड़कर हार गये। तब उन्होंने ब्रह्माजीके पास जाकर पुकार मचायी। ब्रह्माजीने सब देवताओंको दुःखी देखा॥४॥

**दो०** 
> सब सन कहा बुझाइ बिधि दनुज निधन तब होइ।  
> संभु सुक्र संभूत सुत एहि जीतइ रन सोइ॥८२॥

भावार्थ: ब्रह्माजीने सबको समझाकर कहा—इस दैत्यकी मृत्यु तब होगी जब शिवजीके वीर्यसे पुत्र उत्पन्न हो, इसको युद्धमें वही जीतेगा॥८२॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-81  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-83

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
