---
title: "बालकाण्ड दोहा 8"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-8"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 8

तुलसीदासजीकी दीनता और रामभक्तिमयी कविताकी महिमा

**चौ०** 
> आकर चारि लाख चौरासी । जाति जीव जल थल नभ बासी ॥  
> सीय राममय सब जग जानी । करउँ प्रनाम जोरि जुग पानी ॥ १ ॥

भावार्थ: चौरासी लाख योनियोंमें चार प्रकारके ( स्वेदज, अण्डज, उद्भिज्ज, जरायुज ) जीव जल, पृथ्वी और आकाशमें रहते हैं, उन सबसे भरे हुए इस सारे जगत्‌को श्रीसीताराममय जानकर मैं दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम करता हूँ॥ १ ॥

**चौ०** 
> जानि कृपाकर किंकर मोहू । सब मिलि करहु छाड़ि छल छोहू ॥  
> निज बुधि बल भरोस मोहि नाहीं । तातें बिनय करउँ सब पाहीं ॥ २ ॥

भावार्थ: मुझको अपना दास जानकर कृपाकी खान आप सब लोग मिलकर छल छोड़कर कृपा कीजिये। मुझे अपने बुद्धि-बलका भरोसा नहीं है, इसीलिये मैं सबसे विनती करता हूँ॥ २ ॥

**चौ०** 
> करन चहउँ रघुपति गुन गाहा । लघु मति मोरि चरित अवगाहा ॥  
> सूझ न एकउ अंग उपाऊ । मन मति रंक मनोरथ राऊ ॥ ३ ॥

भावार्थ: मैं श्रीरघुनाथजीके गुणोंका वर्णन करना चाहता हूँ, परन्तु मेरी बुद्धि छोटी है और श्रीरामजीका चरित्र अथाह है। इसके लिये मुझे उपायका एक भी अंग अर्थात् कुछ ( लेशमात्र ) भी उपाय नहीं सूझता। मेरे मन और बुद्धि कंगाल हैं, किन्तु मनोरथ राजा है॥ ३ ॥

**चौ०** 
> मति अति नीच ऊँचि रुचि आछी । चहिअ अमिअ जग जुरइ न छाछी ॥  
> छमिहहिं सज्जन मोरि ढिठाई । सुनिहहिं बालबचन मन लाई ॥ ४ ॥

भावार्थ: मेरी बुद्धि तो अत्यन्त नीची है और चाह बड़ी ऊँची है; चाह तो अमृत पानेकी है, पर जगत्‌में जुड़ती छाछ भी नहीं। सज्जन मेरी ढिठाईको क्षमा करेंगे और मेरे बालवचनोंको मन लगाकर ( प्रेमपूर्वक ) सुनेंगे॥ ४॥

**चौ०** 
> जौं बालक कह तोतरि बाता । सुनहिं मुदित मन पितु अरु माता ॥  
> हँसिहहिं कूर कुटिल कुबिचारी। जे पर दूषन भूषनधारी॥ ५ ॥

भावार्थ: जैसे बालक जब तोतले वचन बोलता है तो उसके माता-पिता उन्हें प्रसन्न मनसे सुनते हैं। किन्तु क्रूर, कुटिल और बुरे विचारवाले लोग जो दूसरोंके दोषोंको ही भूषणरूपसे धारण किये रहते हैं ( अर्थात् जिन्हें पराये दोष ही प्यारे लगते हैं ), हँसेंगे॥ ५ ॥

**चौ०** 
> निज कबित्त केहि लाग न नीका । सरस होउ अथवा अति फीका ॥  
> जे पर भनिति सुनत हरषाहीं । ते बर पुरुष बहुत जग नाहीं ॥ ६ ॥

भावार्थ: रसीली हो या अत्यन्त फीकी, अपनी कविता किसे अच्छी नहीं लगती ? किन्तु जो दूसरेकी रचनाको सुनकर हर्षित होते हैं, ऐसे उत्तम पुरुष जगत्‌में बहुत नहीं हैं, ॥ ६ ॥

**चौ०** 
> जग बहु नर सर सरि सम भाई । जे निज बाढ़ि बढ़हिं जल पाई ॥  
> सज्जन सकृत सिंधु सम कोई । देखि पूर बिधु बाढ़इ जोई ॥ ७ ॥

भावार्थ: हे भाई! जगत्‌में तालाबों और नदियोंके समान मनुष्य ही अधिक हैं, जो जल पाकर अपनी ही बाढ़से बढ़ते हैं ( अर्थात् अपनी ही उन्नतिसे प्रसन्न होते हैं )। समुद्र-सा तो कोई एक विरला ही सज्जन होता है जो चन्द्रमाको पूर्ण देखकर ( दूसरोंका उत्कर्ष देखकर ) उमड़ पड़ता है॥ ७॥

**दो०** 
> भाग छोट अभिलाषु बड़ करउँ एक बिस्वास ।  
> पैहहिं सुख सुनि सुजन सब खल करिहहिं उपहास ॥ ८ ॥

भावार्थ: मेरा भाग्य छोटा है और इच्छा बहुत बड़ी है, परन्तु मुझे एक विश्वास है कि इसे सुनकर सज्जन सभी सुख पावेंगे और दुष्ट हँसी उड़ावेंगे॥ ८ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-7d  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-9

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
