---
title: "बालकाण्ड दोहा 71"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-71"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 71

**चौ०** 
> कहि अस ब्रह्मभवन मुनि गयऊ। आगिल चरित सुनहु जस भयऊ॥  
> पतिहि एकांत पाइ कह मैना। नाथ न मैं समुझे मुनि बैना॥१॥

भावार्थ: यों कहकर नारद मुनि ब्रह्मलोकको चले गये। अब आगे जो चरित्र हुआ उसे सुनो। पतिको एकान्तमें पाकर मैनाने कहा—हे नाथ! मैंने मुनिके वचनोंका अर्थ नहीं समझा॥ १ ॥

**चौ०** 
> जौं घरु बरु कुलु होइ अनूपा। करिअ बिबाहु सुता अनुरूपा॥  
> न त कन्या बरु रहउ कुआरी। कंत उमा मम प्रानपिआरी॥२॥

भावार्थ: जो हमारी कन्याके अनुकूल घर, वर और कुल उत्तम हो तो विवाह कीजिये। नहीं तो लड़की चाहे कुमारी ही रहे ( मैं अयोग्य वरके साथ उसका विवाह नहीं करना चाहती ); क्योंकि हे स्वामिन्‌! पार्वती मुझको प्राणोंके समान प्यारी है॥ २ ॥

**चौ०** 
> जौं न मिलिहि बरु गिरिजहि जोगू। गिरि जड़ सहज कहिहि सबु लोगू॥  
> सोइ बिचारि पति करेहु बिबाहू। जेहिं न बहोरि होइ उर दाहू॥३॥

भावार्थ: यदि पार्वतीके योग्य वर न मिला तो सब लोग कहेंगे कि पर्वत स्वभावसे ही जड ( मूर्ख ) होते हैं। हे स्वामी! इस बातको विचारकर ही विवाह कीजियेगा, जिसमें फिर पीछे हृदयमें सन्ताप न हो॥ ३ ॥

**चौ०** 
> अस कहि परी चरन धरि सीसा। बोले सहित सनेह गिरीसा॥  
> बरु पावक प्रगटै ससि माहीं। नारद बचनु अन्यथा नाहीं॥४॥

भावार्थ: इस प्रकार कहकर मैना पतिके चरणोंपर मस्तक रखकर गिर पड़ीं। तब हिमवान्‌ने प्रेमसे कहा—चाहे चन्द्रमामें अग्नि प्रकट हो जाय, पर नारदजीके वचन झूठे नहीं हो सकते॥ ४ ॥

**दो०** 
> प्रिया सोचु परिहरहु सबु सुमिरहु श्रीभगवान।  
> पारबतिहि निरमयउ जेहिं सोइ करिहि कल्यान॥७१॥

भावार्थ: हे प्रिये! सब सोच छोड़कर श्रीभगवान्‌का स्मरण करो। जिन्होंने पार्वतीको रचा है, वे ही कल्याण करेंगे॥ ७१ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-70  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-72

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
