---
title: "बालकाण्ड दोहा 67"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-67"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 67

**चौ०** 
> कह मुनि बिहसि गूढ़ मृदु बानी। सुता तुम्हारि सकल गुन खानी॥  
> सुंदर सहज सुसील सयानी। नाम उमा अंबिका भवानी॥१॥

भावार्थ: नारद मुनिने हँसकर रहस्ययुक्त कोमल वाणीसे कहा—तुम्हारी कन्या सब गुणोंकी खान है। यह स्वभावसे ही सुन्दर, सुशील और समझदार है। उमा, अम्बिका और भवानी इसके नाम हैं॥ १ ॥

**चौ०** 
> सब लच्छन संपन्न कुमारी। होइहि संतत पियहि पिआरी॥  
> सदा अचल एहि कर अहिवाता। एहि तें जसु पैहहिं पितु माता॥२॥

भावार्थ: कन्या सब सुलक्षणोंसे सम्पन्न है, यह अपने पतिको सदा प्यारी होगी। इसका सुहाग सदा अचल रहेगा और इससे इसके माता-पिता यश पावेंगे॥ २ ॥

**चौ०** 
> होइहि पूज्य सकल जग माहीं। एहि सेवत कछु दुर्लभ नाहीं॥  
> एहि कर नामु सुमिरि संसारा। त्रिय चढ़िहहिं पतिब्रत असिधारा॥३॥

भावार्थ: यह सारे जगत्‌में पूज्य होगी और इसकी सेवा करनेसे कुछ भी दुर्लभ न होगा। संसारमें स्त्रियाँ इसका नाम स्मरण करके पतिव्रतरूपी तलवारकी धारपर चढ़ जायँगी॥ ३ ॥

**चौ०** 
> सैल सुलच्छन सुता तुम्हारी। सुनहु जे अब अवगुन दुइ चारी॥  
> अगुन अमान मातु पितु हीना। उदासीन सब संसय छीना॥४॥

भावार्थ: हे पर्वतराज! तुम्हारी कन्या सुलच्छनी है। अब इसमें जो दो-चार अवगुण हैं, उन्हें भी सुन लो। गुणहीन, मानहीन, माता-पिता-विहीन, उदासीन, संशयहीन ( लापरवाह ),॥ ४ ॥

**दो०** 
> जोगी जटिल अकाम मन नगन अमंगल बेष।  
> अस स्वामी एहि कहँ मिलिहि परी हस्त असि रेख॥६७॥

भावार्थ: योगी, जटाधारी, निष्कामहृदय, नंगा और अमङ्गल वेषवाला, ऐसा पति इसको मिलेगा। इसके हाथमें ऐसी ही रेखा पड़ी है॥ ६७ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-66  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-68

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
