---
title: "बालकाण्ड दोहा 65"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-65"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 65

**चौ०** 
> समाचार सब संकर पाए। बीरभद्रु करि कोप पठाए॥  
> जग्य बिधंस जाइ तिन्ह कीन्हा। सकल सुरन्ह बिधिवत फलु दीन्हा॥१॥

भावार्थ: ये सब समाचार शिवजीको मिले, तब उन्होंने क्रोध करके वीरभद्रको भेजा। उन्होंने वहाँ जाकर यज्ञ विध्वंस कर डाला और सब देवताओंको यथोचित फल ( दण्ड ) दिया॥ १ ॥

**चौ०** 
> भै जगबिदित दच्छ गति सोई। जसि कछु संभु बिमुख कै होई॥  
> यह इतिहास सकल जग जानी। ताते मैं संछेप बखानी॥२॥

भावार्थ: दक्षकी जगत्प्रसिद्ध वही गति हुई जो शिवद्रोहीकी हुआ करती है। यह इतिहास सारा संसार जानता है, इसलिये मैंने संक्षेपमें वर्णन किया॥ २ ॥

**चौ०** 
> सतीं मरत हरि सन बरु मागा। जनम जनम सिव पद अनुरागा॥  
> तेहि कारन हिमगिरि गृह जाई। जनमीं पारबती तनु पाई॥३॥

भावार्थ: सतीने मरते समय भगवान्‌ हरिसे यह वर माँगा कि मेरा जन्म-जन्ममें शिवजीके चरणोंमें अनुराग रहे। इसी कारण उन्होंने हिमाचलके घर जाकर पार्वतीके शरीरसे जन्म लिया॥ ३ ॥

**चौ०** 
> जब तें उमा सैल गृह जाईं। सकल सिद्धि संपति तहँ छाईं॥  
> जहँ तहँ मुनिन्ह सुआश्रम कीन्हे। उचित बास हिम भूधर दीन्हे॥४॥

भावार्थ: जबसे उमाजी हिमाचलके घर जन्मीं तबसे वहाँ सारी सिद्धियाँ और सम्पत्तियाँ छा गयीं। मुनियोंने जहाँ-तहाँ सुन्दर आश्रम बना लिये और हिमाचलने उनको उचित स्थान दिये॥ ४ ॥

**दो०** 
> सदा सुमन फल सहित सब द्रुम नव नाना जाति।  
> प्रगटीं सुंदर सैल पर मनि आकर बहु भाँति॥६५॥

भावार्थ: उस सुन्दर पर्वतपर बहुत प्रकारके सब नये-नये वृक्ष सदा पुष्प-फलयुक्त हो गये और वहाँ बहुत तरहकी मणियोंकी खानें प्रकट हो गयीं॥ ६५ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-64  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-66

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
