---
title: "बालकाण्ड दोहा 62"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-62"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 62

सतीका दक्ष-यज्ञमें जाना

**चौ०** 
> कहेहु नीक मोरेहुँ मन भावा। यह अनुचित नहिं नेवत पठावा॥  
> दच्छ सकल निज सुता बोलाईं। हमरें बयर तुम्हउ बिसराईं॥१॥

भावार्थ: शिवजीने कहा—तुमने बात तो अच्छी कही, यह मेरे मनको भी पसंद आयी। पर उन्होंने न्योता नहीं भेजा, यह अनुचित है। दक्षने अपनी सब लड़कियोंको बुलाया है; किन्तु हमारे वैरके कारण उन्होंने तुमको भी भुला दिया॥१॥

**चौ०** 
> ब्रह्मसभाँ हम सन दुखु माना। तेहि तें अजहुँ करहिं अपमाना॥  
> जौं बिनु बोलें जाहु भवानी। रहइ न सीलु सनेहु न कानी॥२॥

भावार्थ: एक बार ब्रह्माकी सभामें हमसे अप्रसन्न हो गये थे, उसीसे वे अब भी हमारा अपमान करते हैं। हे भवानी! जो तुम बिना बुलाये जाओगी तो न शील-स्नेह ही रहेगा और न मान-मर्यादा ही रहेगी॥२॥

**चौ०** 
> जदपि मित्र प्रभु पितु गुर गेहा। जाइअ बिनु बोलेहुँ न सँदेहा॥  
> तदपि बिरोध मान जहँ कोई। तहाँ गएँ कल्यानु न होई॥३॥

भावार्थ: यद्यपि इसमें सन्देह नहीं कि मित्र, स्वामी, पिता और गुरुके घर बिना बुलाये भी जाना चाहिये तो भी जहाँ कोई विरोध मानता हो, उसके घर जानेसे कल्याण नहीं होता॥३॥

**चौ०** 
> भाँति अनेक संभु समुझावा। भावी बस न ग्यानु उर आवा॥  
> कह प्रभु जाहु जो बिनहिं बोलाएँ। नहिं भलि बात हमारे भाएँ॥४॥

भावार्थ: शिवजीने बहुत प्रकारसे समझाया, पर होनहारवश सतीके हृदयमें बोध नहीं हुआ। फिर शिवजीने कहा कि यदि बिना बुलाये जाओगी, तो हमारी समझमें अच्छी बात न होगी॥४॥

**दो०** 
> कहि देखा हर जतन बहु रहइ न दच्छकुमारि।  
> दिए मुख्य गन संग तब बिदा कीन्ह त्रिपुरारि॥६२॥

भावार्थ: शिवजीने बहुत प्रकारसे कहकर देख लिया, किन्तु जब सती किसी प्रकार भी नहीं रुकीं, तब त्रिपुरारि महादेवजीने अपने मुख्य गणोंको साथ देकर उनको विदा कर दिया॥६२॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-61  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-63

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
