---
title: "बालकाण्ड दोहा 61"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-61"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 61

**चौ०** 
> किंनर नाग सिद्ध गंधर्बा। बधुन्ह समेत चले सुर सर्बा॥  
> बिष्नु बिरंचि महेसु बिहाई। चले सकल सुर जान बनाई॥१॥

भावार्थ: [ दक्षका निमन्त्रण पाकर ] किन्नर, नाग, सिद्ध, गन्धर्व और सब देवता अपनी-अपनी स्त्रियोंसहित चले। विष्णु, ब्रह्मा और महादेवजीको छोड़कर सभी देवता अपना-अपना विमान सजाकर चले॥१॥

**चौ०** 
> सतीं बिलोके ब्योम बिमाना। जात चले सुंदर बिधि नाना॥  
> सुर सुंदरी करहिं कल गाना। सुनत श्रवन छूटहिं मुनि ध्याना॥२॥

भावार्थ: सतीजीने देखा अनेकों प्रकारके सुन्दर विमान आकाशमें चले जा रहे हैं। देव-सुन्दरियाँ मधुर गान कर रही हैं, जिन्हें सुनकर मुनियोंका ध्यान छूट जाता है॥२॥

**चौ०** 
> पूछेउ तब सिवँ कहेउ बखानी। पिता जग्य सुनि कछु हरषानी॥  
> जौं महेसु मोहि आयसु देहीं। कछु दिन जाइ रहौं मिस एहीं॥३॥

भावार्थ: सतीजीने [ विमानोंमें देवताओंके जानेका कारण ] पूछा, तब शिवजीने सब बातें बतलायीं। पिताके यज्ञकी बात सुनकर सती कुछ प्रसन्न हुईं और सोचने लगीं कि यदि महादेवजी मुझे आज्ञा दें, तो इसी बहाने कुछ दिन पिताके घर जाकर रहूँ॥३॥

**चौ०** 
> पति परित्याग हृदयँ दुखु भारी। कहइ न निज अपराध बिचारी॥  
> बोली सती मनोहर बानी। भय संकोच प्रेम रस सानी॥४॥

भावार्थ: क्योंकि उनके हृदयमें पतिद्वारा त्यागी जानेका बड़ा भारी दुःख था, पर अपना अपराध समझकर वे कुछ कहती न थीं। आखिर सतीजी भय, संकोच और प्रेमरसमें सनी हुई मनोहर वाणीसे बोलीं— ॥४॥

**दो०** 
> पिता भवन उत्सव परम जौं प्रभु आयसु होइ।  
> तौ मैं जाउँ कृपायतन सादर देखन सोइ॥६१॥

भावार्थ: हे प्रभो! मेरे पिताके घर बहुत बड़ा उत्सव है। यदि आपकी आज्ञा हो तो हे कृपाधाम! मैं आदरसहित उसे देखने जाऊँ॥६१॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-60  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-62

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
