---
title: "बालकाण्ड दोहा 60"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-60"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 60

**चौ०** 
> एहि बिधि दुखित प्रजेसकुमारी। अकथनीय दारुन दुखु भारी॥  
> बीतें संबत सहस सतासी। तजी समाधि संभु अबिनासी॥१॥

भावार्थ: दक्षसुता सतीजी इस प्रकार बहुत दुःखित थीं, उनको इतना दारुण दुःख था कि जिसका वर्णन नहीं किया जा सकता। सत्तासी हजार वर्ष बीत जानेपर अविनाशी शिवजीने समाधि खोली॥१॥

**चौ०** 
> राम नाम सिव सुमिरन लागे। जानेउ सतीं जगतपति जागे॥  
> जाइ संभु पद बंदनु कीन्हा। सनमुख संकर आसनु दीन्हा॥२॥

भावार्थ: शिवजी रामनामका स्मरण करने लगे, तब सतीजीने जाना कि अब जगत्‌के स्वामी ( शिवजी ) जागे। उन्होंने जाकर शिवजीके चरणोंमें प्रणाम किया। शिवजीने उनको बैठनेके लिये सामने आसन दिया॥२॥

**चौ०** 
> लगे कहन हरिकथा रसाला। दच्छ प्रजेस भए तेहि काला॥  
> देखा बिधि बिचारि सब लायक। दच्छहि कीन्ह प्रजापति नायक॥३॥

भावार्थ: शिवजी भगवान्‌ हरिकी रसमयी कथाएँ कहने लगे। उसी समय दक्ष प्रजापति हुए। ब्रह्माजीने सब प्रकारसे योग्य देख-समझकर दक्षको प्रजापतियोंका नायक बना दिया॥३॥

**चौ०** 
> बड़ अधिकार दच्छ जब पावा। अति अभिमानु हृदयँ तब आवा॥  
> नहिं कोउ अस जनमा जग माहीं। प्रभुता पाइ जाहि मद नाहीं॥४॥

भावार्थ: जब दक्षने इतना बड़ा अधिकार पाया तब उनके हृदयमें अत्यन्त अभिमान आ गया। जगत्‌में ऐसा कोई नहीं पैदा हुआ जिसको प्रभुता पाकर मद न हो॥४॥

**दो०** 
> दच्छ लिए मुनि बोलि सब करन लगे बड़ जाग।  
> नेवते सादर सकल सुर जे पावत मख भाग॥६०॥

भावार्थ: दक्षने सब मुनियोंको बुला लिया और वे बड़ा यज्ञ करने लगे। जो देवता यज्ञका भाग पाते हैं, दक्षने उन सबको आदरसहित निमन्त्रित किया॥६०॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-59  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-61

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
