---
title: "बालकाण्ड दोहा 55"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-55"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 55

**चौ०** 
> देखे जहँ तहँ रघुपति जेते। सक्तिन्ह सहित सकल सुर तेते॥  
> जीव चराचर जो संसारा। देखे सकल अनेक प्रकारा॥१॥

भावार्थ: सतीजीने जहाँ-तहाँ जितने रघुनाथजी देखे, शक्तियोंसहित वहाँ उतने ही सारे देवताओंको भी देखा। संसारमें जो चराचर जीव हैं, वे भी अनेक प्रकारसे सब देखे॥१॥

**चौ०** 
> पूजहिं प्रभुहि देव बहु बेषा। राम रूप दूसर नहिं देखा॥  
> अवलोके रघुपति बहुतेरे। सीता सहित न बेष घनेरे॥२॥

भावार्थ: [ उन्होंने देखा कि ] अनेकों वेष धारण करके देवता प्रभु श्रीरामचन्द्रजीकी पूजा कर रहे हैं। परन्तु श्रीरामचन्द्रजीका दूसरा रूप कहीं नहीं देखा। सीतासहित श्रीरघुनाथजी बहुत-से देखे, परन्तु उनके वेष अनेक नहीं थे॥२॥

**चौ०** 
> सोइ रघुबर सोइ लछिमनु सीता। देखि सती अति भईं सभीता॥  
> हृदय कंप तन सुधि कछु नाहीं। नयन मूदि बैठीं मग माहीं॥३॥

भावार्थ: [ सब जगह ] वही रघुनाथजी, वही लक्ष्मण और वही सीताजी—सती ऐसा देखकर बहुत ही डर गयीं। उनका हृदय काँपने लगा और देहकी सारी सुध-बुध जाती रही। वे आँख मूँदकर मार्गमें बैठ गयीं॥३॥

**चौ०** 
> बहुरि बिलोकेउ नयन उघारी। कछु न दीख तहँ दच्छकुमारी॥  
> पुनि पुनि नाइ राम पद सीसा। चलीं तहाँ जहँ रहे गिरीसा॥ ४ ॥

भावार्थ: फिर आँख खोलकर देखा, तो वहाँ दक्षकुमारी ( सतीजी ) को कुछ भी न दीख पड़ा। तब वे बार-बार श्रीरामचन्द्रजीके चरणोंमें सिर नवाकर वहाँ चलीं जहाँ श्रीशिवजी थे॥४॥

**दो०** 
> गईं समीप महेस तब हँसि पूछी कुसलात।  
> लीन्हि परीछा कवन बिधि कहहु सत्य सब बात॥५५॥

भावार्थ: जब पास पहुँचीं, तब श्रीशिवजीने हँसकर कुशल-प्रश्न करके कहा कि तुमने रामजीकी किस प्रकार परीक्षा ली, सारी बात सच-सच कहो॥५५॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-54  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-56

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
