---
title: "बालकाण्ड दोहा 52"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-52"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 52

**चौ०** 
> जौं तुम्हरें मन अति संदेहू। तौ किन जाइ परीछा लेहू॥  
> तब लगि बैठ अहउँ बटछाहीं। जब लगि तुम्ह ऐहहु मोहि पाहीं॥१॥

भावार्थ: जो तुम्हारे मनमें बहुत सन्देह है तो तुम जाकर परीक्षा क्यों नहीं लेती? जबतक तुम मेरे पास लौट आओगी तबतक मैं इसी बड़की छाँहमें बैठा हूँ॥१॥

**चौ०** 
> जैसें जाइ मोह भ्रम भारी। करेहु सो जतनु बिबेक बिचारी॥  
> चलीं सती सिव आयसु पाई। करहिं बिचारु करौं का भाई॥२॥

भावार्थ: जिस प्रकार तुम्हारा यह अज्ञानजनित भारी भ्रम दूर हो, [ भलीभाँति ] विवेकके द्वारा सोच-समझकर तुम वही करना। शिवजीकी आज्ञा पाकर सती चलीं और मनमें सोचने लगीं कि भाई! क्या करूँ ( कैसे परीक्षा लूँ )?॥२॥

**चौ०** 
> इहाँ संभु अस मन अनुमाना। दच्छसुता कहुँ नहिं कल्याना॥  
> मोरेहु कहें न संसय जाहीं। बिधि बिपरीत भलाई नाहीं॥३॥

भावार्थ: इधर शिवजीने मनमें ऐसा अनुमान किया कि दक्षकन्या सतीका कल्याण नहीं है। जब मेरे समझानेसे भी सन्देह दूर नहीं होता तब [ मालूम होता है ] विधाता ही उलटे हैं, अब सतीका कुशल नहीं है॥३॥

**चौ०** 
> होइहि सोइ जो राम रचि राखा। को करि तर्क बढ़ावै साखा॥  
> अस कहि लगे जपन हरिनामा। गईं सती जहँ प्रभु सुखधामा॥४॥

भावार्थ: जो कुछ रामने रच रखा है, वही होगा। तर्क करके कौन शाखा ( विस्तार ) बढ़ावे। [ मनमें ] ऐसा कहकर शिवजी भगवान्‌ श्रीहरिका नाम जपने लगे और सतीजी वहाँ गयीं जहाँ सुखके धाम प्रभु श्रीरामचन्द्रजी थे॥४॥

**दो०** 
> पुनि पुनि हृदयँ बिचारु करि धरि सीता कर रूप।  
> आगें होइ चलि पंथ तेहिं जेहिं आवत नरभूप॥५२॥

भावार्थ: सती बार-बार मनमें विचारकर सीताजीका रूप धारण करके उस मार्गकी ओर आगे होकर चलीं, जिससे [ सतीजीके विचारानुसार ] मनुष्योंके राजा रामचन्द्रजी आ रहे थे॥५२॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-51  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-53

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
