---
title: "बालकाण्ड दोहा 40"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-40"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 40

**चौ०** 
> रामभगति सुरसरितहि जाई। मिली सुकीरति सरजु सुहाई॥  
> सानुज राम समर जसु पावन। मिलेउ महानदु सोन सुहावन॥१॥

भावार्थ: सुन्दर कीर्तिरूपी सुहावनी सरयूजी रामभक्तिरूपी गङ्गाजीमें जा मिलीं। छोटे भाई लक्ष्मणसहित श्रीरामजीके युद्धका पवित्र यशरूपी सुहावना महानद सोन उसमें आ मिला॥१॥

**चौ०** 
> जुग बिच भगति देवधुनि धारा। सोहति सहित सुबिरति बिचारा॥  
> त्रिबिध ताप त्रासक तिमुहानी। राम सरूप सिंधु समुहानी॥२॥

भावार्थ: दोनोंके बीचमें भक्तिरूपी गङ्गाजीकी धारा ज्ञान और वैराग्यके सहित शोभित हो रही है। ऐसी तीनों तापोंको डरानेवाली यह तिमुहानी नदी रामस्वरूपरूपी समुद्रकी ओर जा रही है॥२॥

**चौ०** 
> मानस मूल मिली सुरसरिही। सुनत सुजन मन पावन करिही॥  
> बिच बिच कथा बिचित्र बिभागा। जनु सरि तीर तीर बन बागा॥३॥

भावार्थ: इस ( कीर्तिरूपी सरयू ) का मूल मानस ( श्रीरामचरित ) है और यह [ रामभक्तिरूपी ] गङ्गाजीमें मिली है, इसलिये यह सुननेवाले सज्जनोंके मनको पवित्र कर देगी। इसके बीच-बीचमें जो भिन्न-भिन्न प्रकारकी विचित्र कथाएँ हैं वे ही मानो नदीतटके आस-पासके वन और बाग हैं॥३॥

**चौ०** 
> उमा महेस बिबाह बराती। ते जलचर अगनित बहुभाँती॥  
> रघुबर जनम अनंद बधाई। भवँर तरंग मनोहरताई॥ ४ ॥

भावार्थ: श्रीपार्वतीजी और शिवजीके विवाहके बराती इस नदीमें बहुत प्रकारके असंख्य जलचर जीव हैं। श्रीरघुनाथजीके जन्मकी आनन्द-बधाइयाँ ही इस नदीके भँवर और तरंगोंकी मनोहरता है॥४॥

**दो०** 
> बालचरित चहु बंधु के बनज बिपुल बहुरंग।  
> नृप रानी परिजन सुकृत मधुकर बारि बिहंग॥४०॥

भावार्थ: चारों भाइयोंके जो बालचरित हैं, वे ही इसमें खिले हुए रंग-बिरंगे बहुत-से कमल हैं। महाराज श्रीदशरथजी तथा उनकी रानियों और कुटुम्बियोंके सत्कर्म ( पुण्य ) ही भ्रमर और जल-पक्षी हैं॥४०॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-39  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-41

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
