---
title: "बालकाण्ड दोहा 37"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-37"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 37

**चौ०** 
> सप्त प्रबंध सुभग सोपाना। ग्यान नयन निरखत मन माना॥  
> रघुपति महिमा अगुन अबाधा। बरनब सोइ बर बारि अगाधा॥१॥

भावार्थ: सात काण्ड ही इस मानस-सरोवरकी सुन्दर सात सीढ़ियाँ हैं, जिनको ज्ञानरूपी नेत्रोंसे देखते ही मन प्रसन्न हो जाता है। श्रीरघुनाथजीकी निर्गुण ( प्राकृतिक गुणोंसे अतीत ) और निर्बाध ( एकरस ) महिमाका जो वर्णन किया जायगा, वही इस सुन्दर जलकी अथाह गहराई है॥ १॥

**चौ०** 
> राम सीय जस सलिल सुधासम। उपमा बीचि बिलास मनोरम॥  
> पुरइनि सघन चारु चौपाई। जुगुति मंजु मनि सीप सुहाई॥२॥

भावार्थ: श्रीरामचन्द्रजी और सीताजीका यश अमृतके समान जल है। इसमें जो उपमाएँ दी गयी हैं वही तरङ्गोंका मनोहर विलास है। सुन्दर चौपाइयाँ ही इसमें घनी फैली हुई पुरइन ( कमलिनी ) हैं और कविताकी युक्तियाँ सुन्दर मणि ( मोती ) उत्पन्न करनेवाली सुहावनी सीपियाँ हैं॥ २॥

**चौ०** 
> छंद सोरठा सुंदर दोहा। सोइ बहुरंग कमल कुल सोहा॥  
> अरथ अनूप सुभाव सुभासा। सोइ पराग मकरंद सुबासा॥३॥

भावार्थ: जो सुन्दर छन्द, सोरठे और दोहे हैं, वही इसमें बहुरंगे कमलोंके समूह सुशोभित हैं। अनुपम अर्थ, ऊँचे भाव और सुन्दर भाषा ही पराग ( पुष्परज ), मकरन्द ( पुष्परस ) और सुगन्ध हैं॥ ३॥

**चौ०** 
> सुकृत पुंज मंजुल अलि माला। ग्यान बिराग बिचार मराला॥  
> धुनि अवरेब कबित गुन जाती। मीन मनोहर ते बहुभाँती॥४॥

भावार्थ: सत्कर्मों ( पुण्यों ) के पुञ्ज भौंरोंकी सुन्दर पंक्तियाँ हैं, ज्ञान, वैराग्य और विचार हंस हैं। कविताकी ध्वनि वक्रोक्ति, गुण और जाति ही अनेकों प्रकारकी मनोहर मछलियाँ हैं॥ ४॥

**चौ०** 
> अरथ धरम कामादिक चारी। कहब ग्यान बिग्यान बिचारी॥  
> नव रस जप तप जोग बिरागा। ते सब जलचर चारु तड़ागा॥५॥

भावार्थ: अर्थ, धर्म, काम, मोक्ष—ये चारों, ज्ञान-विज्ञानका विचारके कहना, काव्यके नौ रस, जप, तप, योग और वैराग्यके प्रसंग—ये सब इस सरोवरके सुन्दर जलचर जीव हैं॥ ५॥

**चौ०** 
> सुकृती साधु नाम गुन गाना। ते बिचित्र जलबिहग समाना॥  
> संतसभा चहुँ दिसि अवँराई। श्रद्धा रितु बसंत सम गाई॥६॥

भावार्थ: सुकृती ( पुण्यात्मा ) जनोंके, साधुओंके और श्रीरामनामके गुणोंका गान ही विचित्र जल-पक्षियोंके समान है। संतोंकी सभा ही इस सरोवरके चारों ओरकी अमराई ( आमकी बगीचियाँ ) हैं और श्रद्धा वसन्त-ऋतुके समान कही गयी है॥ ६॥

**चौ०** 
> भगति निरूपन बिबिध बिधाना। छमा दया दम लता बिताना॥  
> सम जम नियम फूल फल ग्याना। हरि पद रति रस बेद बखाना॥७॥

भावार्थ: नाना प्रकारसे भक्तिका निरूपण और क्षमा, दया तथा दम ( इन्द्रियनिग्रह ) लताओंके मण्डप हैं। मनका निग्रह, यम ( अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह ), नियम ( शौच, संतोष, तप, स्वाध्याय और ईश्वरप्रणिधान ) ही उनके फूल हैं, ज्ञान फल है और श्रीहरिके चरणोंमें प्रेम ही इस ज्ञानरूपी फलका रस है। ऐसा वेदोंने कहा है॥ ७॥

**चौ०** 
> औरउ कथा अनेक प्रसंगा। तेइ सुक पिक बहुबरन बिहंगा॥८॥

भावार्थ: इस ( रामचरितमानस ) में और भी जो अनेक प्रसङ्गोंकी कथाएँ हैं, वे ही इसमें तोते, कोयल आदि रंग-बिरंगे पक्षी हैं॥ ८॥

**दो०** 
> पुलक बाटिका बाग बन सुख सुबिहंग बिहारु।  
> माली सुमन सनेह जल सींचत लोचन चारु॥३७॥

भावार्थ: कथामें जो रोमाञ्च होता है वही वाटिका, बाग और वन हैं; और जो सुख होता है, वही सुन्दर पक्षियोंका विहार है। निर्मल मन ही माली है जो प्रेमरूपी जलसे सुन्दर नेत्रोंद्वारा उनको सींचता है॥ ३७॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-36  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-38

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
