---
title: "बालकाण्ड दोहा 360"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-360"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 360

**चौ०** 
> सुदिन सोधि कल कंकन छोरे। मंगल मोद बिनोद न थोरे॥  
> नित नव सुखु सुर देखि सिहाहीं। अवध जन्म जाचहिं बिधि पाहीं॥१॥

भावार्थ: अच्छा दिन ( शुभ मुहूर्त ) शोधकर सुन्दर कङ्कण खोले गये। मङ्गल, आनन्द और विनोद कुछ कम नहीं हुए ( अर्थात्‌ बहुत हुए )। इस प्रकार नित्य नये सुखको देखकर देवता सिहाते हैं और अयोध्यामें जन्म पानेके लिये ब्रह्माजीसे याचना करते हैं॥ १ ॥

**चौ०** 
> बिस्वामित्रु चलन नित चहहीं। राम सप्रेम बिनय बस रहहीं॥  
> दिन दिन सयगुन भूपति भाऊ। देखि सराह महामुनिराऊ॥२॥

भावार्थ: विश्वामित्रजी नित्य ही चलना ( अपने आश्रम जाना ) चाहते हैं, पर रामचन्द्रजीके स्नेह और विनयवश रह जाते हैं। दिनोंदिन राजाका सौगुना भाव ( प्रेम ) देखकर महामुनिराज विश्वामित्रजी उनकी सराहना करते हैं॥ २ ॥

**चौ०** 
> मागत बिदा राउ अनुरागे। सुतन्ह समेत ठाढ़ भे आगे॥  
> नाथ सकल संपदा तुम्हारी। मैं सेवकु समेत सुत नारी॥३॥

भावार्थ: अन्तमें जब विश्वामित्रजीने विदा माँगी, तब राजा प्रेममग्न हो गये और पुत्रोंसहित आगे खड़े हो गये। [ वे बोले— ] हे नाथ! यह सारी सम्पदा आपकी है। मैं तो स्त्री-पुत्रोंसहित आपका सेवक हूँ॥ ३ ॥

**चौ०** 
> करब सदा लरिकन्ह पर छोहू। दरसनु देत रहब मुनि मोहू॥  
> अस कहि राउ सहित सुत रानी। परेउ चरन मुख आव न बानी॥४॥

भावार्थ: हे मुनि! लड़कोंपर सदा स्नेह करते रहियेगा और मुझे भी दर्शन देते रहियेगा। ऐसा कहकर पुत्रों और रानियोंसहित राजा दशरथजी विश्वामित्रजीके चरणोंपर गिर पड़े, [ प्रेमविह्वल हो जानेके कारण ] उनके मुँहसे बात नहीं निकलती॥ ४ ॥

**चौ०** 
> दीन्हि असीस बिप्र बहु भाँती। चले न प्रीति रीति कहि जाती॥  
> रामु सप्रेम संग सब भाई। आयसु पाइ फिरे पहुँचाई॥ ५॥

भावार्थ: ब्राह्मण विश्वामित्रजीने बहुत प्रकारसे आशीर्वाद दिये और वे चल पड़े, प्रीतिकी रीति कही नहीं जाती। सब भाइयोंको साथ लेकर श्रीरामजी प्रेमके साथ उन्हें पहुँचाकर और आज्ञा पाकर लौटे॥ ५ ॥

**दो०** 
> राम रूपु भूपति भगति ब्याहु उछाहु अनंदु।  
> जात सराहत मनहिं मन मुदित गाधिकुलचंदु॥३६०॥

भावार्थ: गाधिकुलके चन्द्रमा विश्वामित्रजी बड़े हर्षके साथ श्रीरामचन्द्रजीके रूप, राजा दशरथजीकी भक्ति, [ चारों भाइयोंके ] विवाह और [ सबके उत्साह और आनन्दको मन-ही-मन सराहते जाते हैं॥ ३६० ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-359  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-361

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
