---
title: "बालकाण्ड दोहा 357"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-357"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 357

**चौ०** 
> मुनि प्रसाद बलि तात तुम्हारी। ईस अनेक करवरें टारी॥  
> मख रखवारी करि दुहुँ भाईं। गुरु प्रसाद सब बिद्या पाईं॥१॥

भावार्थ: हे तात! मैं बलैया लेती हूँ, मुनिकी कृपासे ही ईश्वरने तुम्हारी बहुत-सी बलाओंको टाल दिया। दोनों भाइयोंने यज्ञकी रखवाली करके गुरुजीके प्रसादसे सब विद्याएँ पायीं॥ १ ॥

**चौ०** 
> मुनितिय तरी लगत पग धूरी। कीरति रही भुवन भरि पूरी॥  
> कमठ पीठि पबि कूट कठोरा। नृप समाज महुँ सिव धनु तोरा॥२॥

भावार्थ: चरणोंकी धूलि लगते ही मुनिपत्नी अहल्या तर गयी। विश्वभरमें यह कीर्ति पूर्णरीतिसे व्याप्त हो गयी। कच्छपकी पीठ, वज्र और पर्वतसे भी कठोर शिवजीके धनुषको राजाओंके समाजमें तुमने तोड़ दिया॥ २ ॥

**चौ०** 
> बिस्व बिजय जसु जानकि पाई। आए भवन ब्याहि सब भाई॥  
> सकल अमानुष करम तुम्हारे। केवल कौसिक कृपाँ सुधारे॥३॥

भावार्थ: विश्वविजयके यश और जानकीको पाया और सब भाइयोंको ब्याहकर घर आये। तुम्हारे सभी कर्म अमानुषी हैं ( मनुष्यकी शक्तिके बाहर हैं ), जिन्हें केवल विश्वामित्रजीकी कृपाने सुधारा है ( सम्पन्न किया है )॥ ३ ॥

**चौ०** 
> आजु सुफल जग जनमु हमारा। देखि तात बिधुबदन तुम्हारा॥  
> जे दिन गए तुम्हहि बिनु देखें। ते बिरंचि जनि पारहिं लेखें॥४॥

भावार्थ: हे तात! तुम्हारा चन्द्रमुख देखकर आज हमारा जगत्‌में जन्म लेना सफल हुआ। तुमको बिना देखे जो दिन बीते हैं, उनको ब्रह्मा गिनतीमें न लावें ( हमारी आयुमें शामिल न करें )॥ ४ ॥

**दो०** 
> राम प्रतोषीं मातु सब कहि बिनीत बर बैन।  
> सुमिरि संभु गुर बिप्र पद किए नीदबस नैन॥३५७॥

भावार्थ: विनयभरे उत्तम वचन कहकर श्रीरामचन्द्रजीने सब माताओंको संतुष्ट किया। फिर शिवजी, गुरु और ब्राह्मणोंके चरणोंका स्मरण कर नेत्रोंको नींदके वश किया ( अर्थात्‌ वे सो रहे )॥ ३५७ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-356  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-358

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
