---
title: "बालकाण्ड दोहा 350b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-350b"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 350b

**चौ०** 
> चारि सिंघासन सहज सुहाए। जनु मनोज निज हाथ बनाए॥  
> तिन्ह पर कुअँरि कुअँर बैठारे। सादर पाय पुनीत पखारे॥१॥

भावार्थ: स्वाभाविक ही सुन्दर चार सिंहासन थे, जो मानो कामदेवने ही अपने हाथसे बनाये थे। उनपर माताओंने राजकुमारियों और राजकुमारोंको बैठाया और आदरके साथ उनके पवित्र चरण धोये॥ १ ॥

**चौ०** 
> धूप दीप नैबेद बेद बिधि। पूजे बर दुलहिनि मंगलनिधि॥  
> बारहिं बार आरती करहीं। ब्यजन चारु चामर सिर ढरहीं॥२॥

भावार्थ: फिर वेदकी विधिके अनुसार मङ्गलोंके निधान दूलह और दुलहिनोंकी धूप, दीप और नैवेद्य आदिके द्वारा पूजा की। माताएँ बारंबार आरती कर रही हैं और वर-वधुओंके सिरोंपर सुन्दर पंखे तथा चँवर ढल रहे हैं॥ २ ॥

**चौ०** 
> बस्तु अनेक निछावरि होहीं। भरीं प्रमोद मातु सब सोहीं॥  
> पावा परम तत्व जनु जोगीं। अमृतु लहेउ जनु संतत रोगीं॥३॥

भावार्थ: अनेकों वस्तुएँ निछावर हो रही हैं; सभी माताएँ आनन्दसे भरी हुई ऐसी सुशोभित हो रही हैं मानो योगीने परम तत्त्वको प्राप्त कर लिया। सदाके रोगीने मानो अमृत पा लिया,॥ ३ ॥

**चौ०** 
> जनम रंक जनु पारस पावा। अंधहि लोचन लाभु सुहावा॥  
> मूक बदन जनु सारद छाई। मानहुँ समर सूर जय पाई॥४॥

भावार्थ: जन्मका दरिद्री मानो पारस पा गया। अंधेको सुन्दर नेत्रोंका लाभ हुआ। गूँगेके मुखमें मानो सरस्वती आ विराजीं और शूरवीरने मानो युद्धमें विजय पा ली॥ ४ ॥

**दो०** 
> एहि सुख ते सत कोटि गुन पावहिं मातु अनंदु।  
> भाइन्ह सहित बिआहि घर आए रघुकुलचंदु॥३५० (क)॥

भावार्थ: इन सुखोंसे भी सौ करोड़ गुना बढ़कर आनन्द माताएँ पा रही हैं। क्योंकि रघुकुलके चन्द्रमा श्रीरामजी विवाह करके भाइयोंसहित घर आये हैं॥ ३५० ( क ) ॥

**दो०** 
> लोक रीति जननीं करहिं बर दुलहिनि सकुचाहिं।  
> मोदु बिनोदु बिलोकि बड़ रामु मनहिं मुसुकाहिं॥३५० (ख)॥

भावार्थ: माताएँ लोकरीति करती हैं और दूलह-दुलहिनें सकुचाते हैं। इस महान्‌ आनन्द और विनोदको देखकर श्रीरामचन्द्रजी मन-ही-मन मुसकरा रहे हैं॥ ३५० ( ख ) ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-349  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-351

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
