---
title: "बालकाण्ड दोहा 348"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-348"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 348

**चौ०** 
> मागध सूत बंदि नट नागर। गावहिं जसु तिहु लोक उजागर॥  
> जय धुनि बिमल बेद बर बानी। दस दिसि सुनिअ सुमंगल सानी॥१॥

भावार्थ: मागध, सूत, भाट और चतुर नट तीनों लोकोंके उजागर ( सबको प्रकाश देनेवाले, परम प्रकाशस्वरूप ) श्रीरामचन्द्रजीका यश गा रहे हैं। जयध्वनि तथा वेदकी निर्मल श्रेष्ठ वाणी सुन्दर मङ्गलसे सनी हुई दसों दिशाओंमें सुनायी पड़ रही है॥ १॥

**चौ०** 
> बिपुल बाजने बाजन लागे। नभ सुर नगर लोग अनुरागे॥  
> बने बराती बरनि न जाहीं। महा मुदित मन सुख न समाहीं॥२॥

भावार्थ: बहुत-से बाजे बजने लगे। आकाशमें देवता और नगरमें लोग सब प्रेममें मग्न हैं। बराती ऐसे बने-ठने हैं कि उनका वर्णन नहीं हो सकता। परम आनन्दित हैं, सुख उनके मनमें समाता नहीं है॥ २॥

**चौ०** 
> पुरबासिन्ह तब राय जोहारे। देखत रामहि भए सुखारे॥  
> करहिं निछावरि मनिगन चीरा। बारि बिलोचन पुलक सरीरा॥३॥

भावार्थ: तब अयोध्यावासियोंने राजाको जोहार ( वन्दना ) की। श्रीरामचन्द्रजीको देखते ही वे सुखी हो गये। सब मणियाँ और वस्त्र निछावर कर रहे हैं। नेत्रोंमें [ प्रेमाश्रुओंका ] जल भरा है और शरीर पुलकित हैं॥ ३॥

**चौ०** 
> आरति करहिं मुदित पुर नारी। हरषहिं निरखि कुअँर बर चारी॥  
> सिबिका सुभग ओहार उघारी। देखि दुलहिनिन्ह होहिं सुखारी॥४॥

भावार्थ: नगरकी स्त्रियाँ आनन्दित होकर आरती कर रही हैं और सुन्दर चारों कुमारोंको देखकर हर्षित हो रही हैं। पालकियोंके सुन्दर परदे हटा-हटाकर वे दुलहिनोंको देखकर सुखी होती हैं॥ ४॥

**दो०** 
> एहि बिधि सबही देत सुखु आए राजदुआर।  
> मुदित मातु परिछनि करहिं बधुन्ह समेत कुमार॥३४८॥

भावार्थ: इस प्रकार सबको सुख देते हुए राजद्वारपर आये। माताएँ आनन्दित होकर बहुओंसहित कुमारोंका परछन कर रही हैं॥ ३४८॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-347  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-349

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
