---
title: "बालकाण्ड दोहा 343"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-343"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 343

**चौ०** 
> बार बार करि बिनय बड़ाई। रघुपति चले संग सब भाई॥  
> जनक गहे कौसिक पद जाई। चरन रेनु सिर नयनन्ह लाई॥१॥

भावार्थ: जनकजीकी बार-बार विनती और बड़ाई करके श्रीरघुनाथजी सब भाइयोंके साथ चले। जनकजीने जाकर विश्वामित्रजीके चरण पकड़ लिये और उनके चरणोंकी रजको सिर और नेत्रोंमें लगाया॥ १ ॥

**चौ०** 
> सुनु मुनीस बर दरसन तोरें। अगमु न कछु प्रतीति मन मोरें॥  
> जो सुखु सुजसु लोकपति चहहीं। करत मनोरथ सकुचत अहहीं॥२॥

भावार्थ: [ उन्होंने कहा— ] हे मुनीश्वर! सुनिये, आपके सुन्दर दर्शनसे कुछ भी दुर्लभ नहीं है, मेरे मनमें ऐसा विश्वास है। जो सुख और सुयश लोकपाल चाहते हैं; परन्तु [ असम्भव समझकर ] जिसका मनोरथ करते हुए सकुचाते हैं,॥ २ ॥

**चौ०** 
> सो सुखु सुजसु सुलभ मोहि स्वामी। सब सिधि तव दरसन अनुगामी॥  
> कीन्हि बिनय पुनि पुनि सिरु नाई । फिरे महीसु आसिषा पाई ॥ ३ ॥

भावार्थ: हे स्वामी! वही सुख और सुयश मुझे सुलभ हो गया; सारी सिद्धियाँ आपके दर्शनोंकी अनुगामिनी अर्थात्‌ पीछे-पीछे चलनेवाली हैं। इस प्रकार बार-बार विनती की और सिर नवाकर तथा उनसे आशीर्वाद पाकर राजा जनक लौटे॥ ३ ॥

**चौ०** 
> चली बरात निसान बजाई। मुदित छोट बड़ सब समुदाई॥  
> रामहि निरखि ग्राम नर नारी। पाइ नयन फलु होहिं सुखारी॥४॥

भावार्थ: डंका बजाकर बारात चली। छोटे-बड़े सभी समुदाय प्रसन्न हैं। [ रास्तेके ] गाँवोंके स्त्री-पुरुष श्रीरामचन्द्रजीको देखकर नेत्रोंका फल पाकर सुखी होते हैं॥ ४ ॥

**दो०** 
> बीच बीच बर बास करि मग लोगन्ह सुख देत।  
> अवध समीप पुनीत दिन पहुँची आइ जनेत॥३४३॥

भावार्थ: बीच-बीचमें सुन्दर मुकाम करती हुई तथा मार्गके लोगोंको सुख देती हुई वह बारात पवित्र दिनमें अयोध्यापुरीके समीप आ पहुँची॥ ३४३ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-342  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-344

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
