---
title: "बालकाण्ड दोहा 337"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-337"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 337

**चौ०** 
> अस कहि रही चरन गहि रानी। प्रेम पंक जनु गिरा समानी॥  
> सुनि सनेहसानी बर बानी। बहुबिधि राम सासु सनमानी॥१॥

भावार्थ: ऐसा कहकर रानी चरणोंको पकड़कर [ चुप ] रह गयीं। मानो उनकी वाणी प्रेमरूपी दलदलमें समा गयी हो। स्नेहसे सनी हुई श्रेष्ठ वाणी सुनकर श्रीरामचन्द्रजीने सासका बहुत प्रकारसे सम्मान किया॥ १ ॥

**चौ०** 
> राम बिदा मागत कर जोरी। कीन्ह प्रनामु बहोरि बहोरी॥  
> पाइ असीस बहुरि सिरु नाई। भाइन्ह सहित चले रघुराई॥२॥

भावार्थ: तब श्रीरामचन्द्रजीने हाथ जोड़कर विदा माँगते हुए बार-बार प्रणाम किया। आशीर्वाद पाकर और फिर सिर नवाकर भाइयोंसहित श्रीरघुनाथजी चले॥ २ ॥

**चौ०** 
> मंजु मधुर मूरति उर आनी। भईं सनेह सिथिल सब रानी॥  
> पुनि धीरजु धरि कुअँरि हँकारीं। बार बार भेटहिं महतारीं॥ ३ ॥

भावार्थ: श्रीरामजीकी सुन्दर मधुर मूर्तिको हृदयमें लाकर सब रानियाँ स्नेहसे शिथिल हो गयीं। फिर धीरज धारण करके कुमारियोंको बुलाकर माताएँ बारंबार उन्हें [ गले लगाकर ] भेंटने लगीं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> पहुँचावहिं फिरि मिलहिं बहोरी। बढ़ी परस्पर प्रीति न थोरी॥  
> पुनि पुनि मिलत सखिन्ह बिलगाई। बाल बच्छ जिमि धेनु लवाई॥४॥

भावार्थ: पुत्रियोंको पहुँचाती हैं, फिर लौटकर मिलती हैं। परस्परमें कुछ थोड़ी प्रीति नहीं बढ़ी ( अर्थात् बहुत प्रीति बढ़ी )। बार-बार मिलती हुई माताओंको सखियोंने अलग कर दिया। जैसे हालकी ब्यायी हुई गायको कोई उसके बालक बछड़े [ या बछिया ] से अलग कर दे॥ ४॥

**दो०** 
> प्रेमबिबस नर नारि सब सखिन्ह सहित रनिवासु।  
> मानहुँ कीन्ह बिदेहपुर करुनाँ बिरहँ निवासु॥३३७॥

भावार्थ: सब स्त्री-पुरुष और सखियोंसहित सारा रनिवास प्रेमके विशेष वश हो रहा है। [ ऐसा लगता है ] मानो जनकपुरमें करुणा और विरहने डेरा डाल दिया है॥ ३३७॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-336  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-338

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
