---
title: "बालकाण्ड दोहा 300"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-300"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 300

**चौ०** 
> कलित करिबरन्हि परीं अँबारीं। कहि न जाहिं जेहि भाँति सँवारीं॥  
> चले मत्त गज घंट बिराजी। मनहुँ सुभग सावन घन राजी॥१॥

भावार्थ: श्रेष्ठ हाथियोंपर सुन्दर अंबारियाँ पड़ी हैं। वे जिस प्रकार सजायी गयी थीं, सो कहा नहीं जा सकता। मतवाले हाथी घंटोंसे सुशोभित होकर ( घंटे बजाते हुए ) चले, मानो सावनके सुन्दर बादलोंके समूह [ गरजते हुए ] जा रहे हों॥१॥

**चौ०** 
> बाहन अपर अनेक बिधाना। सिबिका सुभग सुखासन जाना॥  
> तिन्ह चढ़ि चले बिप्रबर बृंदा। जनु तनु धरें सकल श्रुति छंदा॥२॥

भावार्थ: सुन्दर पालकियाँ, सुखसे बैठने योग्य तामजान ( जो कुर्सीनुमा होते हैं ) और रथ आदि और भी अनेकों प्रकारकी सवारियाँ हैं। उनपर श्रेष्ठ ब्राह्मणोंके समूह चढ़कर चले, मानो सब वेदोंके छन्द ही शरीर धारण किये हुए हों॥२॥

**चौ०** 
> मागध सूत बंदि गुनगायक। चले जान चढ़ि जो जेहि लायक॥  
> बेसर ऊँट बृषभ बहु जाती। चले बस्तु भरि अगनित भाँती॥३॥

भावार्थ: मागध, सूत, भाट और गुण गानेवाले सब, जो जिस योग्य थे, वैसी सवारीपर चढ़कर चले। बहुत जातियोंके खच्चर, ऊँट और बैल असंख्यों प्रकारकी वस्तुएँ लाद-लादकर चले॥३॥

**चौ०** 
> कोटिन्ह काँवरि चले कहारा। बिबिध बस्तु को बरनै पारा॥  
> चले सकल सेवक समुदाई। निज निज साजु समाजु बनाई॥४॥

भावार्थ: कहार करोड़ों काँवरें लेकर चले। उनमें अनेकों प्रकारकी इतनी वस्तुएँ थीं कि जिनका वर्णन कौन कर सकता है। सब सेवकोंके समूह अपना-अपना साज-समाज बनाकर चले॥४॥

**दो०** 
> सब कें उर निर्भर हरषु पूरित पुलक सरीर।  
> कबहिं देखिबे नयन भरि रामु लखनु दोउ बीर॥३००॥

भावार्थ: सबके हृदयमें अपार हर्ष है और शरीर पुलकसे भरे हैं। [ सबको एक ही लालसा लगी है कि ] हम श्रीराम-लक्ष्मण दोनों भाइयोंको नेत्र भरकर कब देखेंगे॥३००॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-299  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-301

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
