---
title: "बालकाण्ड दोहा 28b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-28b"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 28b

**चौ०** 
> भायँ कुभायँ अनख आलसहूँ। नाम जपत मंगल दिसि दसहूँ॥  
> सुमिरि सो नाम राम गुन गाथा। करउँ नाइ रघुनाथहि माथा॥१॥

भावार्थ: अच्छे भाव ( प्रेम ) से, बुरे भाव ( वैर ) से, क्रोधसे या आलस्यसे, किसी तरहसे भी नाम जपनेसे दसों दिशाओंमें कल्याण होता है। उसी ( परम कल्याणकारी ) रामनामका स्मरण करके और श्रीरघुनाथजीको मस्तक नवाकर मैं रामजीके गुणोंका वर्णन करता हूँ॥ १ ॥

**चौ०** 
> मोरि सुधारिहि सो सब भाँती। जासु कृपा नहिं कृपाँ अघाती॥  
> राम सुस्वामि कुसेवकु मोसो। निज दिसि देखि दयानिधि पोसो॥२॥

भावार्थ: वे ( श्रीरामजी ) मेरी [ बिगड़ी ] सब तरहसे सुधार लेंगे; जिनकी कृपा कृपा करनेसे नहीं अघाती। राम-से उत्तम स्वामी और मुझ-सरीखा बुरा सेवक! इतनेपर भी उन दयानिधिने अपनी ओर देखकर मेरा पालन किया है॥ २ ॥

**चौ०** 
> लोकहुँ बेद सुसाहिब रीती। बिनय सुनत पहिचानत प्रीती॥  
> गनी गरीब ग्राम नर नागर। पंडित मूढ़ मलीन उजागर॥३॥

भावार्थ: लोक और वेदमें भी अच्छे स्वामीकी यही रीति प्रसिद्ध है कि वह विनय सुनते ही प्रेमको पहचान लेता है। अमीर-गरीब, गँवार-नगरनिवासी, पण्डित-मूर्ख, बदनाम-यशस्वी, ॥ ३ ॥

**चौ०** 
> सुकबि कुकबि निज मति अनुहारी। नृपहि सराहत सब नर नारी॥  
> साधु सुजान सुसील नृपाला। ईस अंस भव परम कृपाला॥४॥

भावार्थ: सुकवि-कुकवि, सभी नर-नारी अपनी-अपनी बुद्धिके अनुसार राजाकी सराहना करते हैं। और साधु, बुद्धिमान्, सुशील, ईश्वरके अंशसे उत्पन्न कृपालु राजा— ॥ ४॥

**चौ०** 
> सुनि सनमानहिं सबहि सुबानी। भनिति भगति नति गति पहिचानी॥  
> यह प्राकृत महिपाल सुभाऊ। जान सिरोमनि कोसलराऊ॥५॥

भावार्थ: सबकी सुनकर और उनकी वाणी, भक्ति, विनय और चालको पहचानकर सुन्दर ( मीठी ) वाणीसे सबका यथायोग्य सम्मान करते हैं। यह स्वभाव तो संसारी राजाओंका है, कोसलनाथ श्रीरामचन्द्रजी तो चतुरशिरोमणि हैं॥ ५॥

**चौ०** 
> रीझत राम सनेह निसोतें। को जग मंद मलिनमति मोतें॥६॥

भावार्थ: श्रीरामजी तो विशुद्ध प्रेमसे ही रीझते हैं, पर जगत्‌में मुझसे बढ़कर मूर्ख और मलिनबुद्धि और कौन होगा ?॥ ६ ॥

**दो०** 
> सठ सेवक की प्रीति रुचि रखिहहिं राम कृपालु।  
> उपल किए जलजान जेहिं सचिव सुमति कपि भालु॥२८ (क)॥

भावार्थ: तथापि कृपालु श्रीरामचन्द्रजी मुझ दुष्ट सेवककी प्रीति और रुचिको अवश्य रखेंगे, जिन्होंने पत्थरोंको जहाज और बन्दर-भालुओंको बुद्धिमान् मन्त्री बना लिया॥ २८ ( क )॥

**दो०** 
> हौंहु कहावत सबु कहत राम सहत उपहास।  
> साहिब सीतानाथ सो सेवक तुलसीदास॥२८ (ख)॥

भावार्थ: सब लोग मुझे श्रीरामजीका सेवक कहते हैं और मैं भी [ बिना लज्जा-संकोचके ] कहलाता हूँ ( कहनेवालोंका विरोध नहीं करता ); कृपालु श्रीरामजी इस निन्दाको सहते हैं कि श्रीसीतानाथजी-जैसे स्वामीका तुलसीदास-सा सेवक है॥ २८ ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-27  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-29c

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
