---
title: "बालकाण्ड दोहा 288"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-288"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 288

**चौ०** 
> बेनु हरित मनिमय सब कीन्हे। सरल सपरब परहिं नहिं चीन्हे॥  
> कनक कलित अहिबेलि बनाई। लखि नहिं परइ सपरन सुहाई॥ १॥

भावार्थ: बाँस सब हरी-हरी मणियों ( पन्ने ) के सीधे और गाँठोंसे युक्त ऐसे बनाये जो पहचाने नहीं जाते थे [ कि मणियोंके हैं या साधारण ]। सोनेकी सुन्दर नागबेलि ( पानकी लता ) बनायी, जो पत्तोंसहित ऐसी भली मालूम होती थी कि पहचानी नहीं जाती थी॥ १ ॥

**चौ०** 
> तेहि के रचि पचि बंध बनाए। बिच बिच मुकुता दाम सुहाए॥  
> मानिक मरकत कुलिस पिरोजा। चीरि कोरि पचि रचे सरोजा॥२॥

भावार्थ: उसी नागबेलिके रचकर और पच्चीकारी करके बन्धन ( बाँधनेकी रस्सी ) बनाये। बीच-बीचमें मोतियोंकी सुन्दर झालरें हैं। माणिक, पन्ने, हीरे और फिरोजे, इन रत्नोंको चीरकर, कोरकर और पच्चीकारी करके, इनके [ लाल, हरे, सफेद और फिरोजी रंगके ] कमल बनाये॥ २ ॥

**चौ०** 
> किए भृंग बहुरंग बिहंगा। गुंजहिं कूजहिं पवन प्रसंगा॥  
> सुर प्रतिमा खंभन गढ़ि काढ़ीं। मंगल द्रब्य लिएँ सब ठाढ़ीं॥३॥

भावार्थ: भौंरे और बहुत रंगोंके पक्षी बनाये, जो हवाके सहारे गूँजते और कूजते थे। खंभोंपर देवताओंकी मूर्तियाँ गढ़कर निकालीं, जो सब मङ्गलद्रव्य लिये खड़ी थीं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> चौकें भाँति अनेक पुराईं। सिंधुर मनिमय सहज सुहाईं॥४॥

भावार्थ: गजमुक्ताओंके सहज ही सुहावने अनेकों तरहके चौक पुराये॥ ४ ॥

**दो०** 
> सौरभ पल्लव सुभग सुठि किए नीलमनि कोरि।  
> हेम बौर मरकत घवरि लसत पाटमय डोरि॥२८८॥

भावार्थ: नीलमणिको कोरकर अत्यन्त सुन्दर आमके पत्ते बनाये। सोनेके बौर ( आमके फूल ) और रेशमकी डोरीसे बँधे हुए पन्नेके बने फलोंके गुच्छे सुशोभित हैं॥ २८८ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-287  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-289

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
