---
title: "बालकाण्ड दोहा 286"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-286"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 286

**चौ०** 
> अति गहगहे बाजने बाजे। सबहिं मनोहर मंगल साजे॥  
> जूथ जूथ मिलि सुमुखि सुनयनीं। करहिं गान कल कोकिलबयनीं॥१॥

भावार्थ: खूब जोरसे बाजे बजने लगे। सभीने मनोहर मङ्गल-साज सजे। सुन्दर मुख और सुन्दर नेत्रोंवाली तथा कोयलके समान मधुर बोलनेवाली स्त्रियाँ झुंड-की-झुंड मिलकर सुन्दर गान करने लगीं॥ १ ॥

**चौ०** 
> सुखु बिदेह कर बरनि न जाई। जन्मदरिद्र मनहुँ निधि पाई॥  
> बिगत त्रास भइ सीय सुखारी। जनु बिधु उदयँ चकोरकुमारी॥२॥

भावार्थ: जनकजीके सुखका वर्णन नहीं किया जा सकता; मानो जन्मका दरिद्री धनका खजाना पा गया हो! सीताजीका भय जाता रहा; वे ऐसी सुखी हुईं जैसे चन्द्रमाके उदय होनेसे चकोरकी कन्या सुखी होती है॥ २ ॥

**चौ०** 
> जनक कीन्ह कौसिकहि प्रनामा। प्रभु प्रसाद धनु भंजेउ रामा॥  
> मोहि कृतकृत्य कीन्ह दुहुँ भाईं। अब जो उचित सो कहिअ गोसाईं॥३॥

भावार्थ: जनकजीने विश्वामित्रजीको प्रणाम किया [ और कहा— ] प्रभुहीकी कृपासे श्रीरामचन्द्रजीने धनुष तोड़ा है। दोनों भाइयोंने मुझे कृतार्थ कर दिया। हे स्वामी! अब जो उचित हो सो कहिये॥ ३ ॥

**चौ०** 
> कह मुनि सुनु नरनाथ प्रबीना। रहा बिबाहु चाप आधीना॥  
> टूटतहीं धनु भयउ बिबाहू। सुर नर नाग बिदित सब काहू॥४॥

भावार्थ: मुनिने कहा—हे चतुर नरेश! सुनो, यों तो विवाह धनुषके अधीन था; धनुषके टूटते ही विवाह हो गया। देवता, मनुष्य और नाग सब किसीको यह मालूम है॥ ४ ॥

**दो०** 
> तदपि जाइ तुम्ह करहु अब जथा बंस ब्यवहारु।  
> बूझि बिप्र कुलबृद्ध गुर बेद बिदित आचारु॥२८६॥

भावार्थ: तथापि तुम जाकर अपने कुलका जैसा व्यवहार हो, ब्राह्मणों, कुलके बूढ़ों और गुरुओंसे पूछकर और वेदोंमें वर्णित जैसा आचार हो वैसा करो॥ २८६ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-285  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-287

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
