---
title: "बालकाण्ड दोहा 279"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-279"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड · दोहा 279

**चौ०** 
> अति बिनीत मृदु सीतल बानी। बोले रामु जोरि जुग पानी॥  
> सुनहु नाथ तुम्ह सहज सुजाना। बालक बचनु करिअ नहिं काना॥१॥

भावार्थ: श्रीरामचन्द्रजी दोनों हाथ जोड़कर अत्यन्त विनयके साथ कोमल और शीतल वाणी बोले—हे नाथ! सुनिये, आप तो स्वभावसे ही सुजान हैं। आप बालकके वचनपर कान न कीजिये ( उसे सुना-अनसुना कर दीजिये )॥ १ ॥

**चौ०** 
> बररै बालकु एकु सुभाऊ। इन्हहि न संत बिदूषहिं काऊ॥  
> तेहिं नाहीं कछु काज बिगारा। अपराधी मैं नाथ तुम्हारा॥२॥

भावार्थ: बर्रै और बालकका एक स्वभाव है। संतजन इन्हें कभी दोष नहीं लगाते। फिर उसने ( लक्ष्मणने ) तो कुछ काम भी नहीं बिगाड़ा है, हे नाथ! आपका अपराधी तो मैं हूँ॥ २ ॥

**चौ०** 
> कृपा कोपु बधु बँधब गोसाईं। मो पर करिअ दास की नाईं॥  
> कहिअ बेगि जेहि बिधि रिस जाई। मुनिनायक सोइ करौं उपाई॥३॥

भावार्थ: अतः हे स्वामी! कृपा, क्रोध, वध और बन्धन, जो कुछ करना हो, दासकी तरह ( अर्थात्‌ दास समझकर ) मुझपर कीजिये। जिस प्रकारसे शीघ्र आपका क्रोध दूर हो, हे मुनिराज! बताइये, मैं वही उपाय करूँ॥ ३ ॥

**चौ०** 
> कह मुनि राम जाइ रिस कैसें। अजहुँ अनुज तव चितव अनैसें॥  
> एहि कें कंठ कुठारु न दीन्हा। तौ मैं काह कोपु करि कीन्हा॥४॥

भावार्थ: मुनिने कहा—हे राम! क्रोध कैसे जाय; अब भी तेरा छोटा भाई टेढ़ा ही ताक रहा है। इसकी गर्दनपर मैंने कुठार न चलाया तो क्रोध करके किया ही क्या ?॥ ४ ॥

**दो०** 
> गर्भ स्रवहिं अवनिप रवनि सुनि कुठार गति घोर।  
> परसु अछत देखउँ जिअत बैरी भूपकिसोर॥२७९॥

भावार्थ: मेरे जिस कुठारकी घोर करनी सुनकर राजाओंकी स्त्रियोंके गर्भ गिर पड़ते हैं, उसी फरसेके रहते मैं इस शत्रु राजपुत्रको जीवित देख रहा हूँ॥ २७९ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-278  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/bal-kand/doha-280

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
